बेंगलुरु में कोरोना वायरस (COVID-19) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शहर में 3,181 कंटेनमेंट जोन हो गए हैं। समाचार एजेंसी आइएएनएस ने स्वास्थ्य अधिकारी के हवाले से इसकी जानकारी दी है। कंटेनमेंट जोन की सबसे अधिक संख्या दक्षिण और पश्चिम बेंगलुरु में केंद्रित है। पिछले आठ दिनों में ये जोन दोगुने हो गए हैं।

समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार बेंगलुरु मई के अंत तक कोरोना के कुल 358 एक्टिव केस थे। 30 जून को यह आंकड़ा बढ़कर 4,555 हो गया। बुधवार को यह आंकड़ा 12,509 पहुंच गया। राज्य के 61 फीसद मामले यहीं सामने आए हैं। बुधवार को यहां 1,148 मामले सामने आए। पिछले 10 में यहां 9,189 मामले सामने आए हैं।
महानगरीय शहरों की तुलना में बेंगलुरु में कम मामले
समाचार एजेंसी आइएएनएस के अनुसार दिल्ली (1.02 लाख), मुंबई (86,509) और चेन्नई (71,230) जैसे अन्य महानगरीय शहरों की तुलना में बेंगलुरु में कम मामले सामने आए हैं। यहां अभी तक12,509 मामलों की पुष्टि हुई है। इससे कम केवल कोलकाता में 7,680 मामलों की पुष्टि हुई है।
पिछले 24 घंटे में राज्य में 718 मरीज कोरोना संक्रमण से उबरे
हालांकि, अच्छी बात यह है कि पिछले 24 घंटे में राज्य में 718 मरीज कोरोना संक्रमण से उबरे। इनमें से 418 मरीज शहर से थे। वहीं 54 लोगों की मौत में से 23 मौतें बेंगलुरु में हुई। अब तक शहर में कुल एक लाख 53 हजार लोगों की टेस्टिंग हो गई है। पॉजिटिविटी रेट 8.17 है। राज्य के कुल 3,276 कंटेनमेंट जोन में से 80 फीसद शहर में हैं।
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 24,879 मामलों की पुष्टि
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 24,879 मामलों की पुष्टि हो गई है और 487 संक्रमित लोगों की मौत हो गई। देश में कुल 7,67,296 मामलों की पुष्टि हो गई है। इनमें से 2,69,789 एक्टिव केस हैं और 4,76,378 मरीज ठीक हो गए हैं। वहीं 21,129 लोगों की मौत हो गई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal