बेंगलुरु-दिल्ली एअर इंडिया की फ्लाइट में लगी आग

एअर इंडिया की बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एक फ्लाइट में गुरुवार शाम इंजन में आग लगने की आशंका के बाद हड़कंप मच गया।

सूत्रों के मुताबिक, स्थिति को देखते हुए विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी परिस्थितियों में लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि फ्लाइट में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

तकनीकी गड़बड़ी की आशंका

सूत्रों के अनुसार, उड़ान के दौरान इंजन में तकनीकी गड़बड़ी या आग लगने की आशंका सामने आई थी। इसके बाद पायलट ने तुरंत एहतियाती कदम उठाते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और विमान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली में उतारा गया।

इससे पहले दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे एअर इंडिया की विमान संख्या एआइ2651 को गुरुवार को लैंडिंग के दौरान टेलस्ट्राइक का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान का पिछला हिस्सा जमीन को छू गया।

हालांकि, विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं। विमान में 181 यात्री सवार थे। टेलस्ट्राइक तब होता है, जब टेक-आफ या लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा जमीन को छूता है।

रद की गई फ्लाइट

घटना के बाद बेंगलुरु से दिल्ली की वापसी उड़ान AI2652 रद कर दी गई। एअर इंडिया ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को समायोजित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। विस्तृत निरीक्षण के लिए विमान को रोक दिया गया। प्रवक्ता ने कहा, नियामक अधिकारियों के समन्वय से स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार घटना की जांच की जाएगी।

एयरलाइन ने कहा कि बेंगलुरु में उसकी ग्राउंड टीमें सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही हैं। प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “असुविधा के लिए खेद है। यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” जांच के संबंध में अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com