बच्चों की छोटी-मोटी भूख मिटानी हो, शाम की चाय के साथ कुछ मजेदार खाने का मन हो या अचानक घर में मेहमान आ जाएं, ब्रेड पिज्जा पॉकेट्स हर मौके के लिए एक परफेक्ट स्नैक है। झटपट तैयार होने वाले ये पॉकेट्स बाहर से एकदम क्रिस्पी और अंदर से मेल्टेड चीज व चटपटे फ्लेवर्स से भरे होते हैं।
सबसे अच्छी बात तो यह है कि इन्हें बनाने के लिए आपको किसी ओवन की जरूरत नहीं है। आप इन्हें आसानी से तवे या कड़ाही पर भी बना सकते हैं। आइए, बिना देर किए जानते हैं ब्रेड पिज्जा पॉकेट्स बनाने की आसान और स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी।
सामग्री
ब्रेड स्लाइस- 8-10 (व्हाइट ब्रेड)
मोजेरेला चीज- 1 कप (कद्दूकस किया हुआ)
बारीक कटी सब्जियां- 1 कप (शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न, प्याज और गाजर)
पिज्जा सॉस- 3-4 बड़े चम्मच
चिली फ्लेक्स और ओरिगैनो- स्वादानुसार
काली मिर्च पाउडर- आधा छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
मैदा का घोल- 2 चम्मच मैदा और थोड़ा पानी
ब्रेड क्रम्ब्स- आधा कप (कोटिंग के लिए)
तेल या मक्खन- तलने या सेकने के लिए
बनाने की विधि
सबसे पहले एक मिक्सिंग बाउल लें। इसमें बारीक कटी हुई सभी सब्जियां डालें। अब इसमें कद्दूकस किया हुआ चीज, पिज्जा सॉस, चिली फ्लेक्स, ओरिगैनो, काली मिर्च और हल्का सा नमक मिलाएं। ध्यान रहे कि सॉस और चीज में भी नमक होता है, इसलिए नमक संभलकर डालें। आपकी पिज्जा स्टफिंग तैयार है।
अब ब्रेड स्लाइस लें और उनके चारों किनारों को चाकू की मदद से काट लें। अब एक बेलन की मदद से ब्रेड को हल्का-सा बेल लें, ताकि वह पतला और फ्लैट हो जाए।
बेली हुई ब्रेड के किनारों पर चारों तरफ मैदे का गाढ़ा घोल लगाएं। अब ब्रेड के बीच में एक चम्मच तैयार स्टफिंग रखें। ब्रेड को बीच से मोड़कर एक रेक्टेंगल शेप दें। उंगलियों या कांटे की मदद से किनारों को अच्छी तरह दबाएं ताकि स्टफिंग बाहर न निकले।
अगर आप इन्हें बहुत ज्यादा क्रिस्पी बनाना चाहते हैं, तो तैयार पॉकेट्स को एक बार पतले मैदे के घोल में डुबोएं और फिर ब्रेड क्रम्ब्स में लपेट लें। इससे ये बिल्कुल बाजार जैसे कुरकुरे बनेंगे।
अब एक कड़ाही में तेल गरम करें और मध्यम आंच पर पॉकेट्स को सुनहरा होने तक तलें।
गरम-गरम ब्रेड पिज्जा पॉकेट्स को टोमैटो केचप या शेजवान चटनी के साथ परोसें।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal