बारिश-तूफान का अलर्ट, ठंडी हवाओं से लुढ़का पारा

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पर्वतीय जिलों में आज मंगलवार को भी बारिश और तूफान की संभावना है। केंद्र की ओर से देहरादून समेत टिहरी, हरिद्वार और उत्तरकाशी जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने के साथ बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि, अन्य जिलों में भी हल्की बारिश व तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आने वाले दिनों की बात करें तो 12 अप्रैल तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला रहने का अनुमान है। बीते कुछ दिनों से पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी से ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड जारी है। जबकि सोमवार शाम चली हवाओं से मैदानी इलाकों का पारा भी सामान्य से नीचे आ गया। इसके चलते शाम के वक्त ठंड का अहसास हुआ। हालांकि, दिन में बादल छाए रहने से मौसम सुहाना रहा।

आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री गिरावट के नीचे 29.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि, इससे पहले यह आंकड़ा सामान्य से दो से तीन डिग्री ऊपर दर्ज किया जा रहा था। हालांकि, रात का न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री के साथ सामान्य रहा। उधर, पर्वतीय इलाकों की बात करें तो नई टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री गिरावट के साथ 17.5 डिग्री रहा और रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से छह डिग्री नीचे 6.0 डिग्री दर्ज किया गया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com