‘बड़ी गलती कर दी’, इंग्‍लैंड के बाहर होने पर हैरी ब्रूक ने बयां किया दर्द; टीम को जमकर फटकारा

इंग्‍लैंड के कप्‍तान हैरी ब्रूक ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के सेमीफाइनल में हार के लिए अपनी गलती स्‍वीकार की है। ब्रूक ने मैच के बाद कहा कि खराब फील्डिंग और संजू सैमसन का कैच छोड़ना इंग्‍लैंड को भारी पड़ा।

भारत और इंग्‍लैंड के बीच गुरुवार को टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 का सेमीफाइनल मुकाबला किसी ब्‍लॉकबस्‍टर फिल्‍म की तरह रहा। भारत ने सांस थाम देने वाले मुकाबले में इंग्‍लैंड को 7 रन से मात देकर फाइनल में जगह पक्‍की की।

मुंबई के वानखेड़े स्‍टेडियम पर खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्‍लेबाजी करके 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्‍लैंड की टीम 20 ओवर में सात विकेट खोकर 246 रन बना सकी। इस सुपरहिट मैच के बाद इंग्‍लैंड के कप्‍तान हैरी ब्रूक ने अपनी गलती स्‍वीकार की, जिससे उनकी टीम फाइनल में पहुंचने से चूक गई।

ब्रूक ने क्‍या कहा
ब्रूक ने मैच के बाद कहा कि इंग्‍लैंड ने शुरुआती परिस्थितियों को समझने में गलती कर दी और मैदान में अपनी योजनाओं का पालन नहीं कर सकी। इंग्लिश कप्‍तान ने कहा, ‘हमें लगा कि पिच पर गेंद रुकेगी। विशेषकर पहली पारी में गेंद स्पिन करेगी। मगर गेंद फिसलकर बल्‍ले पर अच्‍छी तरह आई और भारत ने शानदार बल्‍लेबाजी की।’

ब्रूक ने आगे कहा, ‘मैं अपनी बड़ी गलती मानता हूं कि संजू सैमसन का कैच छोड़ दिया। हमने फील्डिंग में अच्‍छा प्रदर्शन नहीं किया। हम गलतियां की और भारत के खिलाफ मैच में यह सहनीय नहीं है।’

युवा बल्‍लेबाज ने किया प्रभावित
हालांकि, हार के बावजूद ब्रूक ने युवा बल्‍लेबाज जैकब बेथेल की जमकर तारीफ की, जिन्‍होंने अपने टी20 अंतरराष्‍ट्रीय करियर का पहला शतक जमाया। ब्रूक ने कहा कि बेथेल ने निडर होकर खेला और पहली ही गेंद से गेंदबाजों पर हावी रहे।

इंग्लिश कप्‍तान ने कहा, ‘बेथेल ने अविश्‍वसनीय पारी खेली। उसने पहली ही गेंद से प्रहार करना शुरू किया और दुनिया को दिखाया कि वो क्‍या कर सकता है। हमारे लिए टूर्नामेंट अच्‍छा रहा। हमने जिस तरह खेला, उस पर गर्व है। हमने पूरे मैच में किला लड़ाया, लेकिन दुर्भाग्‍यवश हम जीत नहीं सके।’

भारत की शानदार जीत
याद दिला दें कि इंग्‍लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत ने संजू सैमसन (89*) की उम्‍दा पारी के दम पर 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 253 रन बनाए। जवाब में इंग्‍लैंड ने अच्‍छा फाइटबैक किया, लेकिन जीतने में कामयाब नहीं हुई। जैकब बेथेल (105) का शतक काम नहीं आया। उन्‍होंने 48 गेंदों में 8 चौके और सात छक्‍के की मदद से 105 रन बनाए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com