फरीदाबाद में अवैध निर्माणों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को विभाग ने कैली गांव के पास संचालित किए जा रहे अवैध देवांश ग्रीन गार्डन और वेंकट हॉल पर बड़ी तोड़फोड़ की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
जानकारी के अनुसार संबंधित स्थल पर पहले भी दो से तीन बार विभाग द्वारा तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा चुकी थी। इसके बावजूद संचालकों द्वारा दोबारा निर्माण कर वेंकट हॉल और गार्डन का संचालन किया जा रहा था। विभाग की ओर से कई बार नोटिस जारी कर अवैध गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन चेतावनियों के बावजूद नियमों की अनदेखी की जाती रही।
कार्रवाई के दौरान लोगों की भीड़ हुई जमा
मंगलवार सुबह डीटीपी विभाग की टीम जेसीबी मशीनों और अन्य उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और अवैध निर्माणों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। विभागीय अधिकारियों ने अवैध रूप से निर्मित ढांचों के कई हिस्सों को गिराकर स्थल को खाली कराया। वहीं डीटीपी इन्फोर्समेंट अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि जिले में अवैध निर्माणों और बिना अनुमति संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal