प्रियंका गांधी को फूलपुर सीट से उतार सकती है कांग्रेस, सियासी पारा गरम

कांग्रेस महासचिव व पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी अपने परदादा पं. जवाहर लाल नेहरू की सीट फूलपुर से चुनाव लड़ सकती हैं। उनकी ओर से चुनाव लड़ने की हामी भरने के बाद इसके कयास बढ़ गए हैं। शहर कांग्रेस कमेटी ने बृहस्पतिवार को दोबारा इस आशय का प्रस्ताव पारित कर पार्टी हाईकमान को भेजा।

इस प्रस्ताव में प्रियंका हो फूलपुर या इलाहाबाद दोनों में से किसी एक सीट से प्रत्याशी बनाने का आग्रह किया गया है। पार्टी नेताओं ने जल्द ही इस दिशा में अधिकारिक एलान होने के संकेत दिए हैं।

हाल में ही संगम पर पूजा और बड़े हनुमान, अक्षयवट के दर्शन के साथ गंगा के रास्ते पूर्वी यूपी के चुनाव अभियान के प्रियंका के श्रीगणेश को इसी सियासी पारी का हिस्सा माना जा रहा है। कहा जा रहा है कि प्रयागराज से काशी तक वाटर शो और रोड शो के जरिए प्रियंका ने अपनी जमीन तलाशने की कोशिश की थी। 

तब उन्होंने साफ कहा था कि अब वह देश बचाने के लिए घर से निकल चुकी हैं। वैसे पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही प्रयागराज के कार्यकर्ता प्रियंका को फूलपुर से उम्मीदवार बनाने की मांग करते रहे हैं। इसके लिए कई बार पत्र लिखने के साथ ही प्रस्ताव तो भेजे ही गए थे, पोस्टर वार भी हुआ था। 

अब उनकेचुनाव लड़ने की हामी भरने के बाद एक बार फिर फूलपुर से उनका नाम चर्चा में आ गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभय अवस्थी बाबा का कहना है कि पार्टी प्रियंका गांधी को फूलपुर से चुनाव मैदान में उतार सकती है। 

इस सीट से नेहरू परिवार का पुराना रिश्ता भी रहा है और गांधी-नेहरू परिवार के प्रति वहां के लोगों में हमेशा से निष्ठा रही है। अब तक इस परिवार से किसी नेता की दावेदारी न होने की वजह से यह सीट गैर कांग्रेसी दलों के खाते में जाती रही है। 

अब अगर वह इस सीट से आती हैं तो फूलपुर का ही नहीं, पूरे पूर्वांच का चुनावी सीन कुछ और होगा। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता किशोर वार्ष्णेय ने भी फूलपुर से प्रियंका की उम्मीदवारी पर पार्टी में मंथन शुरू होने की पुष्टि की। 

वह बताते हैं कि पार्टी जल्द ही इस बारे में एलान कर सकती है। वहीं शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष नफीस अनवर ने बृहस्पतिवार को प्रियंका को फूलपुर या इलाहाबाद सीट में से किसी एक जगह उम्मीदवार बनाने के लिए एक बार फिर प्रस्ताव पार्टी हाईकमान को भेजा। प्रियंका के चुनाव लड़ने की इच्छा जताने के बाद कांग्रेसियों का उत्साह बढ़ गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com