पेट्रोल-डीजल और LPG के बाद अब दूध हुआ महंगा, ₹4 प्रति लीटर तक बढ़े दाम

 पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के बाद अब दूध भी महंगा हो गया है। गर्मियों के मौसम में पशु आहार की बढ़ती कीमतों के कारण मध्य प्रदेश के कई स्थानों में विक्रेताओं ने बुधवार से दूध के खुदरा दामों में दो से चार रुपये प्रति लीटर का इजाफा कर दिया। विक्रेताओं के एक संगठन के अधिकारी ने यह जानकारी दी। मध्य प्रदेश दूध विक्रेता महासंघ के अध्यक्ष भारत मथुरावाला ने बताया कि इंदौर, उज्जैन, धार, देवास, भोपाल, जबलपुर और अन्य स्थानों में खुले दूध के खुदरा दाम में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया है।

इंदौर में कितना हुआ रेट?

मथुरावाला ने बताया, ‘‘इंदौर में 60 रुपये प्रति लीटर बिकने वाला खुला दूध अब 63 रुपये प्रति लीटर के दाम पर बिक रहा है।’’ मथुरावाला ने कहा कि अन्य शहरों में स्थानीय हालात के मुताबिक दूध के मूल्यों में इजाफा किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘गर्मियों के मौसम के दौरान हरे चारे की किल्लत और पशु आहार की कीमतों में इजाफे के कारण हमें दूध के दाम बढ़ाने पड़े हैं। गर्मियों में मवेशियों की दूध उत्पादन क्षमता वैसे भी कम हो जाती है।”

अमूल और मदर डेयरी बढ़ाएंगी दाम?

अभी तक ऐसी कोई अपडेट नहीं है कि अमूल और मदर डेयरी जैसी कंपनियां दूध के दाम बढ़ाएंगी। इन्होंने आखिरी बार पिछले साल 1 मई से दूध के दाम बढ़ाए थे।

एलपीजी हुई महंगी

आज 1 अप्रैल से कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में 195.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमत 2,078.50 रुपये हो गई है। वहीं पिछले महीने घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए थे, जिसके बाद इसका रेट 913 रुपये हो गया।

पेट्रोल-डीजल हुआ महंगा

आज से ही प्राइवेट फ्यूल रिटेलर कंपनी शेल इंडिया (Shell India Fuel Price Hike) ने अपने आउटलेट्स पर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की है। इससे पहले नायरा एनर्जी (Nayara Energy Petrol Price) भी तेल के दाम बढ़ा चुकी है।
बेंगलुरु में शेल आउटलेट्स पर पेट्रोल की कीमतों में ₹7.41 प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। अब सामान्य पेट्रोल की कीमत ₹119.85 और प्रीमियम पावर वेरिएंट की कीमत ₹129.85 प्रति लीटर हो गई है। डीजल की कीमतों में इससे भी अधिक ₹25.01 प्रति लीटर की भारी वृद्धि हुई है। सामान्य डीजल बढ़कर ₹123.52 और प्रीमियम डीजल ₹133.52 प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
इससे पहले शेल ने कुछ स्टेशंस पर पेट्रोल में कीमतों में ₹2 से ₹2.50 प्रति लीटर का इजाफा किया था और उसके बाद ये रेट ₹108.50 हो गए थे। वहीं इसने डीजल की कीमतों को ₹93.50 तक बढ़ाया था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com