भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तीसरी बार टी20 विश्व कप पर अपना कब्जा जमाया। क्रिकेट जगत के तमाम दिग्गजों ने टीम इंडिया को जीत के लिए बधाई दी। हालांकि, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने साउथ अफ्रीका पर अपनी भड़ास निकाली है। वॉन का कहना है कि साउथ अफ्रीका की वजह से आज भारत चैंपियन बना है।
दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में भारत को पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम पर विश्व कप से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा था। हालांकि, टीम इंडिया ने शानदार खेलते हुए न सिर्फ सेमीफाइनल में जगह बनाई बल्कि फाइनल भी अपने नाम कर लिया। वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद अब वॉन अपनी भड़ास साउथ अफ्रीका के कप्तान ऐडन मार्करम पर निकाल रहे हैं।
माइकल वॉन ने साउथ अफ्रीका को बताया बेवकूफ
वॉन ने कहा, “टी20 वर्ल्ड कप 2026 की सबसे बेवकूफ टीम कौन होगी? साउथ अफ्रीका। अगर साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज को उन्हें हराने दिया होता, तो भारत के लिए सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल हो जाता। शायद भारतीय टीम टूर्नामेंट से ही बाहर हो जाती। मेरा कहने का मतलब है कि अगर उन्होंने वेस्टइंडीज को जीतने दिया होता, तो भारत की बढ़ती ताकत रुक जाती। उस मैच को जीतकर उन्होंने भारत को मौका दिया।”
मजबूत टीम को बाहर करो
वॉन का मानना है कि टूर्नामेंट की, जो भी मजबूत टीम हो उसे पहले ही बाहर कर देना चाहिए। उनका कहना है कि साउथ अफ्रीका के पास ऐसा करने का मौका था लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। बता दें कि भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद जिम्बाब्वे को 72 रनों से हराया और फिर वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सूर्या एंड कंपनी ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया और फिर फाइनल में न्यूजीलैंड को मात दी। ऐसे में वॉन ने टीमों को सुझाव दिया है।
पूर्व इंग्लिश कप्तान ने स्टिक टू क्रिकेट से बात करते हुए कहा, “भारत ने अपने अगले मैच में जिम्बाब्वे को हराया और फिर वेस्टइंडीज को मात दी। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड को सेमीफाइनल में हराया। हालांकि, ये चीजें नहीं होनी चाहिए और आमतौर पर होती भी नहीं हैं। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि अगर आप वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं, तो आपको सर्वश्रेष्ठ टीम को टूर्नामेंट की शुरूआत में ही बाहर करना चाहिए।”
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal