प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के प्रति कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा के दौरान की गई अभद्र टिप्पणी पर भाजपा ने बिहार से लेकर दिल्ली तक विरोध प्रदर्शन किया। बिहार में जहां दोपहर तक दुकानें बंद रख दुकानदारों ने अपना विरोध जताया, वहीं दिल्ली में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर पार्टी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इन विरोध प्रदर्शनों की पूरी कमान पार्टी के महिला मोर्चा ने संभाला, जबकि पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं-कार्यकर्ताओं ने भी इसमें पूरी भागीदारी की।
दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में पार्टी के सभी 14 सांगठनिक जिलों में आज पार्टी ने विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिक आम जनता की भागीदारी रही। लोगों ने इस बात पर बहुत आक्रोश जाहिर किया कि सार्वजनिक जीवन में देश के ऊंचे पद पर बैठे लोगों के प्रति भी अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं।
पार्टी ने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन कर कांग्रेस के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर कर चुकी है। लेकिन विरोध की कमान आज पूरी तरह से महिला कार्यकर्ताओं के हाथों में रही। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह देश की हर एक मां-बहन के सम्मान का मामला है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।