पानीपत जिले में आज नगर निगम चुनाव है जिसके लिए वोटिंग सुबह 8 बजे से जारी है जबकि वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। वोटिंग शुरू होने के बाद कई जगह EVM मशीन सही ढंग से काम नहीं कर रही थी।
इसके बाद ईवीएम मशीनों को तत्काल प्रभाव से बदल दिया गया। वोटिंग को लेकर लोगों में जोश देखने को मिल रहा है। बुजुर्ग महिला वोटर आम वोटरों की अपेक्षा ज्यादा निकल रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से तमाम पुलिसकर्मी सक्रिय नजर आए। तमाम वार्डो पर पुलिसकर्मी तैनात है। वहीं जीटी रोड पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
वार्ड बंदी के कारण मतदाताओं को वोट डालने में दिक्कत आ रही है। प्रिंस सिंह ने जानकारी देते हुए बताया की पिछली बार उन्होंने विधानसभा में मतदान किया था लेकिन इस बार वार्ड बंदी के कारण उनके वोट होते हुए भी वह वोट नहीं डाल पा रहे हैं। गौरतलब है कि वार्ड बंदी के चलते ही पानीपत में सबसे देरी से चुनाव करवाए गए हैं। इसके बावजूद प्रशासनिक तौर पर यह गलतियां रहने की वजह कई मतदाता अपने मत का प्रयोग करने से चुक रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव में 4 लाख 11038 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,92,164 महिला मतदाता व 2,18,861 पुरुष मतदाता व 13 ट्रांसजैंडर मतदाता भी हैं। अधिकारी ने बताया कि 26 वार्डों में होने वाले चुनाव के लिए 365 बूथ बनाए गए हैं। 119 लोकेशन हैं। 14 बूथ पानीपत शहरी विधानसभा क्षेत्र व 12 बूथ पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। सभी बूथों पर हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराई गई है। शुद्ध जल, शौचालय व साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले 2 मार्च को 40 निकायों के लिए वोटिंग हुई थी। रोहतक में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में झड़प को छोड़कर लगभग सभी जगह मतदान शांतिपूर्वक रहा था। कई जिलों में EVM खराब होने की शिकायतें भी सामने आईं थी। फर्जी मतदान की घटनाएं भी सामने आईं।