पाकिस्तान में एक बार फिर से ऑनर किलिंग का एक ताजा मामला सामने आया है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात हमलावरों ने 18 वर्षीय लड़की और 24 साल के लड़के को मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि यह ऑनर किलिंग का ही मामला हो सकता है।

स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अज्ञात हमलावरों ने बन्नू जिले के खोजरी इलाके में एक मीर अब्बास के घर में घुसकर अब्बास की बेटी और उसके प्रेमी खियाल मुहम्मद की हत्या कर दी। पश्तून परंपराओं के अनुसार लड़की का नाम उजागर नहीं किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर यह भी ऑनर किलिंग का मामला है तो देश में ऑनर किलिंग का यह दूसरा मामला है। इससे पहले पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक लड़के के साथ रहने के बाद एक 17 वर्षीय लड़की को उसके भाई ने कथित तौर पर गोली मार दी थी। बता दें कि पाकिस्तान में ऑनर किलिंग आम है।
ह्यूमन राइट्स वॉच (Human Rights Watch)के अनुसार, पाकिस्तान में प्रतिवर्ष 1,000 से अधिक महिलाओं की हत्या इसलिए की जाती है कि वह अन्य शख्स के साथ संबंध रखती हैं।
इससे पहले 24 सितंबर को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के एक गांव में नौ साल के लड़के ने अपनी बुआ की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस को आशंका है कि यह ऑनर किलिंग का मामला हो सकता है। यह घटना लाहौर से 200 किलोमीटर दूर सरगोधा के चक 104-एसबी गांव में हुई थी। पुलिस ने बताया कि लड़के को उसके परिजनों ने ही बुआ की हत्या के लिए हथियार चलाना सिखाया था। 30 वर्षीया महिला ने करीब दस साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ अपनी पसंद के व्यक्ति के साथ शादी कर ली थी। बाद में हालांकि परिवार ने उसके साथ सुलह कर ली।
मंगलवार को पारिवारिक समारोह में भाग लेने पहुंची महिला को उसके भतीजे ने गोली मार दी। महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद लड़का और उसका परिवार फरार हो गया। लड़के के पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
 Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
 
		
 
 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
