ठंडी हवा-कोहरा ने यूपी में गलन बढ़ा दी है। पूर्वी-पश्चिमी प्रदेश के कई जनपद शीत लहर की चपेट में हैं। वहीं, सुबह देर तक पड़ रहे कोहरे से जनजीवन बेहाल है। सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। रविवार को न्यूनतम पारा में और गिरावट की संभावना है।

पहाड़ों पर बर्फबारी ने मैदानी इलाकों में कंपकपी बढ़ा दी है। उत्तरी-पश्चिमी हवाओं ने समूचे राज्य को ठंड की चपेट में ला दिया है। कई जनपदों के अधिकतम व न्यूनतम पारा में भारी गिरावट दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम पारा 20.2 डिग्री के आस-पास रहने की उम्मीद है। वहीं, न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस करीब रहने का मौसम विभाग का अनुमान है। लखनऊ में भी ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है।
शाम को छाया कोहरा सुबह देर तक कायम रहा। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह सामान्य से चार डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 4.3 डिग्री पर आ गया। यह सामान्य से 4.4 डिग्री कम रहा। ऐसे में राजधानी में दिन के साथ-साथ रात भी सर्द हो रही हैं। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक, राज्य के कई जनपदों में पारा लुढ़क गया है। यहां शीतलहर की स्थिति हो गई है। अभी पारा में उठापटक जारी रहेगी। बारिश के कोई आसार नहीं हैं। कोहरा व ठंडी हवा सर्दी बढ़ाएगी। ऐसे में सांस, हृदय रोगियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बहराइच में 12.6 डिग्री लुढ़का पारा, प्रदूषण का प्रकोप
शनिवार को बहराइच में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट पाई गई। यहां सामान्य से 12.6 डिग्री सेल्सियस पारा नीचे गिर गया। चुर्क में न्यूनतम पारा7.3 डिग्री नीचे लुढ़क गया। यहां 2.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं बरेली में अधिकतम तापमान में 10.2 की गिरावट पाई गई। शाहजहांपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री नीचे आ गया। वहीं लखनऊ में प्रदूषण का प्रकोप भी बढ़ गया है। यहां एक्यूआइ साढ़े तीन सौ पार कर गया। शनिवार को शहर का एक्यूआइ देश में सबसे ज्यादा रहा। लखनऊ का एक्यूआइ 362 दर्ज किया गया। मुरादाबाद का एक्यूआइ 344, गुवाहटी का एक्यूआइ 334, नोएडा का 301 व दिल्ली का एक्यूआइ 290 दर्ज किया गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal