उत्तर भारत के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम करवट बदलेगा। मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश का दौर 18 से 22 फरवरी तक जारी रहेगा।
दिल्ली-NCR में मौसम लेगा करवट
दिल्ली-NCR में सुबह और शाम के समय ठंड बरकार है। हालांकि, दिन के समय धूप खिलने से ठंड में कमी आई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज मौसम साफ रहेगा। साथ ही दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री रहने का अनुमान है। इसके अलावा दिल्ली-NCR में सोमवार को तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है।
यूपी में बरसेंगे बदरा
उत्तर प्रदेश में मौसम करवट लेने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, सोमवार से मौसम में बदलाव की आशंका है। प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश होने की उम्मीद है।
उत्तराखंड में बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट
वहीं, उत्तराखंड में भी मौसम विभाग ने बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन चोटियों पर भारी हिमपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को पहाड़ी क्षेत्रों पर भारी हिमपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के आसार
जम्मू-कश्मीर में आज पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 18 फरवरी को उत्तर, उत्तर दक्षिणी, मध्य और दक्षिण कश्मीर के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी के साथ अधिकांश स्थानों पर वर्षा होगी।
बिहार में फिर बढ़ेगी ठंड
बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार से पछुआ की गति तेज होने से सुबह-शाम के समय ठंड में बढ़ोत्तरी होगी। 21 या 22 फरवरी के दौरान प्रदेश में एक बार फिर वर्षा के आसार बन सकते हैं।
पंजाब में गरज के साथ होगी बारिश
इसके अलावा मौसम विभाग ने पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने बताया कि 17 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने के कारण राज्य का मौसम बदलेगा। 18 से 21 फरवरी तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का अनुमान है।
झारखंड में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग ने बताया कि झारखंड में 17 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। 18 फरवरी तक सुबह में कोहरा रहेगा और इसके बाद आसमान साफ रहने का अनुमान है। वहीं, 19 से 21 फरवरी तक आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और मौसम शुष्क बना रहेगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal