बर्फीली हवाओं और कोहरे की मार दो दिन और झेलनी पड़ सकती है। बीते 16 दिनों से जारी रिकॉर्ड तोड़ सर्दी का सितम सोमवार को भी जारी रहा। सूरज नहीं निकला तो दिन का तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरा गया।

प्रदेश में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे पहुंचा तो रातभर प्रचंड सर्दी सताती रही। कैथल में 1 डिग्री सेल्सियस तापमान तो रोहतक में 1.2 डिग्री में लोग ठिठुरते रहे। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर 31 दिसंबर को प्रचंड ठंड पड़ने और उसके बाद 1 जनवरी को भी कोहरे के साथ-साथ शीत लहर चलने की आशंका जताई है।
सर्दी इस हद तक बढ़ेगी कि मंगलवार को कई इलाकों में पाला जमने की नौबत आ सकती है। 2 और 3 दिसंबर को हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान ओले भी पड़ सकते हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक गुरुग्राम में रविवार को अधिकतम तापमान जहां 15.4 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं सोमवार को 5.8 डिग्री गिर कर 9.6 डिग्री पर पहुंच गया।
यही हाल रोहतक का रहा, जहां अधिकतम तापमान प्रदेश में सबसे कम 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, हिसार में दिन का तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 12 डिग्री कम रहा।
पूर्वी हवाओं के चलने और बादल छाने से दिन के तापमान में गिरावट आई। हालांकि दो दिन तक जमाव बिंदु के नजदीक रहने के बाद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
हालांकि इसके बावजूद यह सामान्य से तीन डिग्री कम रहा। करनाल का न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। तापमान गिरने के साथ ही धुंध बढ़ने और शीत गिरने से भी लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कोहरे के चलते कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। कुछ ट्रेनों को रद्द भी किया गया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal