न्यूजीलैंड के आम चुनाव में प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न की लेबर पार्टी ने शानदार जीत हासिल की है। इस बात की जानकारी समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने शनिवार को दी है। बता दें कि न्यूजीलैंड के आम चुनाव में प्रधानमंत्री जेसिंडा आर्डर्न की सत्ता में वापसी की प्रबल संभावना पहले से ही थी। आर्डर्न ने अपनी उदार और समावेशी नीतियों से देश के एक बड़े जनमत का दिल जीत रखा है।

2017 से शुरू हुए उनके प्रधानमंत्री के पहले कार्यकाल में भीषण आतंकवादी हमले और कोरोना महामारी जैसे बड़े संकट आए। लेकिन इस दौरान आर्डर्न ने जो धीरज और दूरदृष्टि दिखाई, उसकी दुनिया भर में तारीफ हुई। न्यूजीलैंड छोटी आबादी वाला देश है, इसके बावजूद आर्डेर्न के कार्यकाल में उसे दुनिया में बेहतरीन शासन के एक उदाहरण के रूप में पेश किया जाता रहा है।
मतदान से ठीक पहले जनमत सर्वेक्षणों में आर्डेर्न की लेबर पार्टी को 46 फीसदी मतदाताओं की पसंद बताया गया था। सर्वेक्षणों में उनकी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी नेशनल पार्टी को 31 फीसदी, ग्रीन पार्टी को 8 फीसदी, एक्ट न्यूजीलैंड पार्टी को 8 फीसदी और न्यूजीलैंड फर्स्ट पार्टी को 3 फीसदी मतदाताओं का समर्थन मिलने का अनुमान लगाया गया था।
न्यूजीलैंड की चुनाव प्रणाली के मुताबिक हर मतदाता दो वोट डालता है। न्यूजीलैंड की संसद में 121 सीटें हैं। इनमें 71 सांसद प्रत्यक्ष रूप से चुने जाते हैं। बाकी 70 सांसद पार्टियों को मिले वोट फीसदी के अनुपात के आधार पर चुने जाते हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal