देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की रफ्तार बढ़ी, महाराष्ट्र में लॉकडाउन लौटा; केस बढ़े

देश में एक बार फिर से कोरोना के सक्रिय मामलों में तेजी आने लगी है। बीते सात दिनों से देश में कोरोना वायरस के एक्टिव केस में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। इससे कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेज हुई है। इससे एक बार फिर से कोरोना से लोगों को डर लगने लगा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस के एक्टिव केस फिर से बढ़े हैं। इसके साथ ही बीते 24 घंटों में एक बार फिर से 14 हजार नए मामले सामने आए हैं।

महाराष्ट्र ने बढ़ाई सरकार की चिंता

इस बीच, महाराष्ट्र में अचानक कोरोना वायरस के मामलों में उछाल देखने को मिला है। इस वजह से महाराष्ट्र में एक बार फिर से लॉकडाउन की वापसी हुई है। बीते एक दिन में महाराष्ट्र में करीब सात हजार नए मामले सामने आए हैं, जिससे सरकार की चिंता बढ़ गई है। महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना मामलों की संख्या 7,000 को छू गई और अकेले मुंबई में ये 1,000 के करीब पहुंच गई।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगले आठ दिन तय करेंगे कि क्या राज्य में लॉकडाउन लगाना पड़ेगा। बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य के अमरावती जिले में आज से एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया है। पुणो में भी स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थान को बंद करने का आदेश दिया गया है।

देश में कोरोना की रफ्तार में आई तेजी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ो के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 14,199 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 83 लोगों की मौत हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस के अब तक कुल 1 करोड़ 10 लाख 5 हजार 850 मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि, इसमें से 1 करोड़ 6 लाख 99 हजार 410 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। देश में फिलहाल सबसे ज्यादा चिंता कोरोना के सक्रिय मामलों के बढ़ने को लेकर है, जो 1 लाख 50 हजार 55 है। भारत में कोरोना से अब तक कुल 1 लाख 56 हजार 385 लोगों की मौत हो चुकी है।

सक्रिय मामलों में लगातार तेजी

देश में कोरोना के सक्रिय मामले सबसे बड़ी चिंता है। बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 4,421 एक्टिव केस बढ़े हैं जिससे एक्टिव दर बढ़कर 1.36% हो गई है। देश में बीते 24 घंटों में कोरोना से 9,695 लोग ठीक हुए हैं, इससे रिकवरी दर 97.22% हो गई है। भारत की कोरोना मृत्यु दर फिलहाल 1.42% है।

देश में 21.15 करोड़ से ज्यादा कोरोना टेस्ट

देश में कोरोना की जांच का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। देश में अब तक 21.15 करोड़ से ज्यादा कोरोना जांच की जा चुकी है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (Indian Council of Medical Research, ICMR) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में 21 फरवरी, 2021 तक 21,15,51,746 सैंपलों की जांच हो चुकी है, जिनमें से 6,20,216 टेस्ट एक दिन में किए गए हैं।

देश में अब तक 1.11 करोड़ से अधिक टीकाकरण

देश में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में अब तक 1 करोड़ 11 लाख 16 हजार 854 लोगों को टीका लगाया चुका है। इसमें से बीते 24 घंटों में 35 हजार 681 लोगों को टीका लगाया गया है।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com