देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी का आज 75वा जन्मदिन

उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को उनके 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति कोविंद का जन्म आज ही के दिन 1945 में उत्तर प्रदेश में कानपुर के परौंख गांव में हुआ था।

उपराष्ट्रपति के सचिवालय ने नायडू के हवाले से ट्वीट किया, ‘राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी को जन्म दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जन सरोकारों को समर्पित आपके यशस्वी सार्वजनिक जीवन और अनुभवी नेतृत्व का लाभ राष्ट्र को प्राप्त हुआ है। राष्ट्र के लिए समर्पित आपके सुदीर्घ भावी जीवन में स्वास्थ्य, सुख और संतोष की कामना करता हूं।’

प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी समृद्ध अंतर्दृष्टि और नीतिगत मामलों की समझदारी हमारे राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी संपत्ति है। वह कमजोरों की सेवा करने के लिए बेहद सहानुभूतिशील हैं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राष्ट्रपति कोविंद को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण के प्रति समर्पण वाला बताया है। शाह ने लिखा, ‘माननीय राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। देश के गरीब और वंचित वर्ग के कल्याण व सशक्तिकरण के प्रति आपका समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। आपकी बुद्धिमत्ता व कौशल से देश को नया बल मिला है। आपके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करता हूं।’

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाए दीं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘भारत के राष्ट्रपति, श्री रामनाथ कोविंद को जन्मदिवस को हार्दिक शुभकामनाएं। वे विचारवान एवं दृढ़ निश्चयी होने के साथ-साथ विषयों तथा नीतियों की बहुत अच्छी समझ रखते हैं। उनके अनुभव से देश लाभान्वित हो रहा है। मैं उनके दीर्घायु होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’

बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का जन्म एक अक्तूबर 1945 को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में हुआ था। उन्होंने 25 जुलाई 2017 को देश के 14वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली थी।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com