देश के नार्थ-ईस्ट राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही, कई लोगों की हुई मौत, जानें ताजा हालात

देश के नार्थ-ईस्ट राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई हुई है। बीते कई दिनों से जारी भारी बारिश के कारण पूर्वोत्तर में हालात बिगड़ गए हैं। असम, मेघालय, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन से कई लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा इन राज्यों में लाखों लोग प्रभावित भी हुए हैं।

इसके अलावा, सड़कें टूटने से कई इलाकों का संपर्क कट गया है। रेल मार्ग भी बाधित हुआ है। लोग राहत शिविरों में रहकर इस आपदा के शांत होने का इंतजार कर रहे हैं। आपको बताते हैं कि बाढ़ से किस-किस राज्य के क्या हालात हैं।

बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित असम

बाढ़ और भूस्खलन से सबसे ज्यादा असम प्रभावित हुआ है। असम में अब तक 70 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 33 जिलों के 42 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। रविवार रात दो पुलिसकर्मी बाढ़ के पानी में बह गए। एक पुलिसकर्मी की लाश को बरामद कर लिया गया है। कई नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

मेघालय में भी मची त्राही-त्राही

मेघालय में भी अचानक आई बाढ़ ने जोरदार त्राही-त्राही मचा दी है। दक्षिण गारो हिल्स जिले के बाघमारा में अचानक आई बाढ़ से 3 और सिजू में भूस्खलन से 1 की मौत की खबर सामने आई है। सीएम ने आपदा में मारे गए लोगों के लिए मुआवजे का एलान किया है। कहा जा रहा है कि पिछले 60 वर्षों में अगरतला में यह तीसरी सबसे अधिक बारिश है। आलम ये है कि सभी शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं।

त्रिपुरा में 10 हजार से ज्यादा बेघर

उधर, त्रिपुरा में भारी बारिश और बाढ़ के चलते 10 हजार से अधिक लोग बेघर हो गए हैं। बाढ़ का असर ट्रेनों पर भी पड़ा है। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-6 पर भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद त्रिपुरा और देश के बाकी हिस्सों के बीच सतही संपर्क टूट गया है। कई निचले इलाके पानी में डूब गए हैं।

अरुणाचल प्रदेश

वहीं, अरुणाचल प्रदेश में सुबनसिरी नदी के पानी ने एक बांध को जलमग्न कर दिया है। ये बांध एक पनबिजली परियोजना के लिए निर्माणाधीन था।

मणिपुर में सात लोगों की मौत

मणिपुर में बाढ़ की वजह से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य के थाउबल, इम्फाल वेस्ट और बिष्णुपुर में स्थिति ज्यादा खराब है। राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में अब भी बहुत संख्या में लोग फंसे हुए हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि राज्य में बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए मकानों की संख्या बढ़कर 22,624 हो गई है।

मिजोरम

मिजोरम में बाढ़ के कारण अब तक 1066 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मिजोरम में सबसे ज्यादा दक्षिण मिजोरम का लुंगलेई जिला प्रभावित हुआ है। तलाबुंग कस्बा और पास के गांव बाढ़ की चपेट में है। कई सड़कें भी बारिश में बह गई हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com