महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में ग्रिड फेल होने से शहर के कई इलाकों की बत्ती गुल हो गई है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट ने बताया है कि टाटा की ओर से आने वाली बिजली की आपूर्ति के फेल होने के बाद देश की आर्थिक राजधानी में बिजली की आपूर्ति बाधित हो गई है।
वहीं, मुंबई टाउनशिव में बिजली की आपूर्ति करने वाली कंपनी बेस्ट ने बताया है कि शहर को बिजली की आपूर्ति करने वाले प्लांट का ग्रिड फेल हो गया है। इस कारण शहर के पूर्वी, पश्चिमी, उपनगर और ठाणे के कुछ हिस्सों में बिजली गुल हो गई है। इस कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुंबई प्रणाली को बिजली की आपूर्ति के लिए लाइनों और ट्रांसफार्मर पर कई ट्रिपिंग है। बताया गया है कि शहर में 360 मेगावाट की आपूर्ति प्रभावित हुई है। बिजली की आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए काम शुरू किया जा रहा है।
मुंबई में 10.15 बजे बिजली गुल हुई। बताया गया है कि शहर में बत्ती गुल होने के पीछे की वजह कलवा स्थित टाटा पावर के सेंट्रल ग्रिड में फेल होना है। ग्रिड के फेल होने से मुंबई के उपनगरों में भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वहीं, मुंबई में बिजली गुल होने को लेकर महाराष्ट्र के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत का बयान सामने आया है। राउत ने कहा है, ‘कलवा-पद्घे बिजलीघर के सर्किट 2 में एक तकनीकी गड़बड़ के कारण, ठाणे और मुंबई के बीच के क्षेत्र बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं। हमारा स्टाफ इस पर काम कर रहा है और एक घंटे या 45 मिनट में बिजली बहाल हो जाएगी।’