दिल्ली: 75 राजदूतों और उच्चायुक्तों ने अपनी मां के नाम पर लगाए पौधे

दिल्ली में रह रहे दुनियाभर के विभिन्न देशों के 75 राजदूतों, उच्चायुक्तों ने अपनी मां के नाम पौधे लगाए। विदेशी मेहमान भारत की राजधानी में अपनी मां के नाम की ये अनोखी याद सहेजते हुए ये भावुक दिखे। पीएम मोदी के 75वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा पखवाड़े के अंतर्गत दिल्ली सरकार ने रिज क्षेत्र में ये पौधरोपण कार्यक्रम किया।

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसका नेतृत्व किया, साथ में दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे। रिज क्षेत्र में पीबीजी ग्राउंड के भीतर एक पेड़ मां के नाम 2.0 वैश्विक पौधरोपण अभियान आयोजित हुआ। इसमें 72 से अधिक देशों के 75 से ज्यादा राजदूतों, उच्चायुक्तों और हेड्स ऑफ मिशन ने हिस्सा लिया।

बहरीन, भूटान, चीन, रूस, ओमान, स्पेन, ऑस्ट्रिया, ब्राजील, जमैका, फीजी, पापुआ न्यू गिनी समेत एशिया, अफ्रीका, यूरोप, अमेरिका और ओशिआनिया के कई देशों के राजनयिकों और उनके परिवार के सदस्यों ने हिस्सा लिया। हरएक विदेशी मेहमान ने अपनी मां के नाम पर पौधा लगाया। हर पौधे के साथ नाम पट्टिका लगी, जिसमें राजनयिक का नाम, उनकी मां का नाम और पौधे की प्रजातियां लिखी हुई हैं।

पौधे लगाते हुए भावुक पल सामने आए
कार्यक्रम के दौरान कई भावुक पल भी सामने आए। कैमरून की राजदूत अपनी दिवंगत मां को याद करके रो पड़ीं और मुख्यमंत्री ने उनको गले लगाया। 15 दिन पहले ही उनकी मां की मृत्यु हो गई थी। इसमें खाड़ी देशों के राजनयिकों ने खास रुचि दिखाई। ओमान के राजदूत इस्सा सालेह अलशिबानी ने इस अभियान के लिए धन्यवाद दिया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com