दिल्ली विधानसभा चुनाव की जंग में इस बार कांग्रेस के उम्मीदवार काफी पहले से मैदान में आएंगे नजर

 Delhi Assembly Election 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव की जंग में इस बार कांग्रेस के उम्मीदवार काफी पहले से मैदान में नजर आएंगे। नई परंपरा की शुरुआत करते हुए पहली बार पार्टी अपने उम्मीदवारों की सूची तीन चरणों में जारी करने की योजना बना रही है। पहली सूची जनवरी के पहले हफ्ते में घोषित कर दिए जाने की संभावना है।

टूटेगी पुरानी परंपरा

गौरतलब है कि आमतौर पर कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची नामांकन शुरू हो जाने के बाद ही जारी की जाती रही है। इससे उम्मीदवारों को अपने विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से जनसंपर्क बनाने के लिए पर्याप्त समय ही नहीं मिल पाता। इसीलिए फरवरी 2020 माह में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी पूर्ववर्ती स्थिति में सुधार की दिशा में काम कर रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) ने भी इस मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस को अपनी सहमति दे दी है।

10-10 दिनों के अंतराल पर जारी होगी सूची

सप्ताह भर में पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी भी गठित कर दी जाएगी। इसके बाद अगले 15 दिन के भीतर 20 से 25 उम्मीदवारों की सूची स्वीकृति के लिए एआइसीसी को भेज दी जाएगी। वहां से स्वीकृति मिलते ही सूची के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। इसी प्रकार अगले 10- 10 दिन के अंतराल पर कमोबेश इतने ही नामों की दो अन्य सूचियां भी जारी कर दी जाएंगी। चुनाव भले ही फरवरी के दूसरे सप्ताह में होने के आसार हैं, लेकिन पार्टी की कोशिश जनवरी महीने में ही सभी 70 उम्मीदवारों के नाम घोषित देने की है।

नेताओं के बच्चों को भी मिलेगा टिकट

पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस बार उन्हीं चेहरों पर दांव लगाया जाएगा जो संबंघित विधानसभा क्षेत्र में पहले से मेहनत कर रहे हैं और जिनकी वहां अच्छी साख है और वहां वे जीतने की संभावना भी रखते हैं। इनमें कुछ उम्मीदवार फ्रंटल संगठनों जैसे सेवादल, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस से भी लिए जाएंगे। इनके अलावा नेताओं के बच्चों को भी टिकट वितरण में तरजीह दी जाएगी। मसलन, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा स्वयं अपने विधानसभा क्षेत्र कालकाजी से बेटी शिवानी चोपड़ा को चुनाव लड़वाना चाह रहे हैं। पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल चांदनी चौक से बेटे मुदित अग्रवाल को लड़वाना चाहते हैं। पूर्व सांसद महाबल मिश्र भी द्वारका से बेटे विनय मिश्र को मैदान में उतारना चाहते हैं।

उम्मीदवारों के नामों पर विचार शुरू

उम्मीदवारों के नामों पर विचार शुरू हो गया है। पहली सूची अगले 15 से 20 दिनों में घोषित की जा सकती है। टिकट इस बार उन्हीं दावेदारों को दिए जाएंगे जो इसके काबिल होंगे। भले वह नाम नए क्यों न हों। पहली सूची के बाद दूसरी और तीसरी सूची भी अगले कुछ ही दिनों में आ जाएगी।

सुभाष चोपड़ा, अध्यक्ष, दिल्ली कांग्रेस

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com