दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज, गरज- चमक के साथ बारिश की संभावना

राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने और आंधी चलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने नयी दिल्ली, मध्य दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।

‘येलो अलर्ट’ का मतलब है मौसम में बदलाव को लेकर सतर्क रहना और बदलती परिस्थितियों के प्रति जागरूक रहना। दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के सामान्य तापमान से 2.2 डिग्री अधिक है। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक था, जबकि आयानगर में यह 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था। वहीं, रिज में न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम था, जबकि पालम में 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था।

राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 157 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, 0 से 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ माना जाता है। 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com