देशभर में लोगों को ठंड का इंतजार है, लेकिन दिल्ली में अभी भी प्रदूषण का कहर जारी है। पूरा शहर धुंध की चपेट में है, नवंबर महीना शुरू हो चुका है, लेकिन अभी भी ठंड की शुरुआत नहीं हुई है। दिन के समय अभी भी लोगों को गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम को लेकर IMD का अपडेट सामने आया है, मौसम विभाग के अनुसार, करीब 15 नवंबर तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
दोपहर के समय अभी गर्मी और बढ़ने की संभावना है। बताया जा रहा है आने वाले 4 दिनों में गर्मी का असर और अधिक बढ़ेगा।
अगले 5 दिन दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रह सकता है। सुबह और रात के समय स्मॉग रहेगा। इसके बाद 9 से 13 नवंबर के बीच अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री तक रह सकता है। राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई लेवल फिलहाल 400 से ऊपर बना हुआ है। ऐसे में अभी दिल्ली में ठंड के देरी से आने की संभावना बताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में कब से आएगी ठंड?
साथ ही IMD के मुताबिक,देश के 5 समुद्र तटीय राज्यों में आने वाले 6 दिन में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो सकती है। इनमें पुडुचेरी, तमिलनाडु, केरल, माहे, कराईकल समेत कई राज्य शामिल हैं। वहीं उत्तर भारत के अन्य राज्यों में ठंड बढ़ने की आशंका है, 10 नवंबर के बाद उत्तर प्रदेश और बिहार में ठंड और बढ़ेगी।
नागालैंड-मिजोरम में बारिश का अलर्ट
मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर की अगर बात करें तो आज से अगले दो दिन इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश हो सकती है। हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हल्की-हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। आने वाले दिनों में तापमान और गिरेगा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal