दिल्ली एनसीआर में हो सकती है कोहरे की वापसी, जान लें ताजा अपडेट…

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठिठुरन बढ़ गई है। पश्चिमी विक्षोभ से मौसम बदलने के आसार बन गए हैं। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, नव वर्ष की पूर्व संध्या यानी 31 दिसंबर को दिल्ली के अधिकतर हिस्सों को शीत लहर और भीषण ठंड का सामना करना पड़ेगा। जनवरी की शुरुआत में राष्ट्रीय राजधानी में सर्दी का सितम और बढ़ने के आसार हैं। दिल्ली में गुरुवार शाम से हल्के कोहरे की वापसी होगी। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत अभी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में है। हालांकि खाड़ी क्षेत्र से बहने वाली गर्म नम हवाओं के कारण लोगों को ठंड से हल्की राहत मिली है। विज्ञानियों का कहना है कि 31 दिसंबर से राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट शुरू होने की आशंका है। शनिवार को न्यूनतम तापमान घटकर छह डिग्री सेल्सियस हो जाएगा, जबकि सोमवार (दो जनवरी) को पारा चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़कने के आसार हैं।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, एक नए पश्चिमी विक्षोभ से उत्पन्न समान परिस्थितियों के कारण दिल्ली को जनवरी की शुरुआत में फिर भीषण ठंड का सामना करना पड़ेगा। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि अन्य इलाकों में घना या बहुत घना कोहरा छाए रहने के कारण दिल्ली आने वाली 14 ट्रेन देरी से चल रही हैं।गुरुवार को सुबह के वक्त दिल्ली की हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी के निचले स्तर पर रही।

दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यह 6.3 डिग्री सेल्सियस, मंगलवार को 5.6 डिग्री और सोमवार को 5 डिग्री सेल्सियस था। मालूम हो कि पिछले पश्चिमी विक्षोभ के कारण 25 से 26 दिसंबर को पहाड़ों में फिर से बर्फबारी हुई। इससे मैदानी इलाके ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गिरफ्त में आ गए थे। अब धीरे-धीरे इसका प्रभाव कम होता नजर आ रहा है। 

वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक सुबह 7 बजे एक्यूआई 321 पर दर्ज किया गया। बुधवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई 325 रहा। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र के मुताबिक हवा की गुणवत्ता शनिवार तक बहुत खराब श्रेणी में रहने की संभावना है।

गुरुवार को सुबह हवा की गति 04-12 किमी प्रति घंटे रहने के साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए रहने के अनुमान हैं। फिलहाल दिल्ली में उत्तर-पश्चिम दिशा से 08 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चल रही है। शुक्रवार को सुबह के वक्त घना कोहरा रहेगा। हालांकि दोपहर में आसमान साफ रहने के आसार हैं। 

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर पश्चिम भारत में शीतलहर की एक नई लहर शुरू होने की संभावना है। अगले तीन दिन तक यूपी, दिल्ली, राजस्थान, बिहार, हरियाणा में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण, राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 29 दिसंबर को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर बूंदाबांदी होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 और 30 दिसंबर को उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बारिश हो सकती है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com