तानाजी- द अनसंग वॉरियर ने साल 2020 को एक मजबूत बुनियाद दे दी है। फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर 250 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया है। अजय देवगन की सबसे कामयाब फ़िल्म बनने के बाद तानाजी हिंदी सिनेमा की भी 12वीं सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फ़िल्म बन गयी है। अजय के करियर की इस साल बेहतरीन शुरुआत है।

ओम राउत निर्देशित तानाजी 10 जनवरी को रिलीज़ हुई थी। ट्रेड को फ़िल्म से अच्छे कलेक्शन की उम्मीद थी, मगर इस मुक़ाम तक पहुंचेगी, इसके बारे में किसी ने नहीं सोचा था। बहरहाल, फ़िल्म 27 दिनों से सिनेमाघरों में है और अब भी दर्शकों की पसंद बनी हुई है, जिसके चलते कलेक्शंस लगातार बढ़ रहे हैं। चौथे हफ़्ते में फ़िल्म ने बुधवार (5 फरवरी) को लगभग 2 करोड़ का कलेक्शन किया, जिसके साथ तानाजी का 27 दिनों का कलेक्शन लगभग 257 करोड़ हो गया है। चौथे हफ़्ते के ख़त्म होते-होते फ़िल्म 260 करोड़ का कलेक्शन आसानी से कर लेगी। तानाजी चौथे हफ़्ते में भी नई फ़िल्मों से बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal