टोहाना में बदमाशों ने हथियार दिखा व्यापारी से लूटे 1.50 लाख रुपए

टोहाना शहर के डांगरा रोड पर स्थित ड्राई फ्रूट के थोक विक्रेता गौरव ट्रेडिंग कंपनी की दुकान पर देर शाम लूट की घटना हुई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद लूट लिए। जाते समय आरोपियों ने दुकान पर फायरिंग भी की और शुक्रवार को फिर आने की धमकी दी। लूट के दौरान दुकान के बाहर काम कर रहे कर्मचारी करमजीत को बदमाशों ने पिस्तौल के पिछले हिस्से से मारा, जिससे उसके हाथ में चोट आई। सूचना मिलते ही डीएसपी उमेद सिंह, शहर पुलिस और सीआईए पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

दुकानदार धीरज मेहता ने बताया कि वह अपनी दुकान में काम कर रहे थे, तभी अचानक बाइक पर तीन युवक पिस्तौल लेकर आए। उन्होंने पिस्तौल तानकर रुपयों की मांग की और गल्ले से करीब डेढ़ लाख रुपये ले गए। जाते समय आरोपियों ने दुकान की तरफ फायरिंग की और खुद को किसी ‘गैंग’ से संबंधित बताते हुए शुक्रवार को फिर आने की धमकी दी।

करमजीत ने बताया कि जब वह दुकान के बाहर काम कर रहा था, तो उसने बदमाशों से पूछा कि उन्हें क्या चाहिए। इस पर उन्होंने कहा कि वे फिरौती लेने आए हैं और उसे पीछे हटने के लिए कहकर उसके हाथ पर चोट मार दी। डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की हैं। आरोपियों ने खुद को किसी गैंग से संबंधित बताया है।

वहीं इस वारदात के बाद कांग्रेस विधायक परमवीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारी से बातचीत की, जिसके बाद कहा कि अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है। टोहाना पंजाब के साथ लगता इलाका हैं, दूसरी तरफ नरवाना के साथ लगता है। यहां पुलिस के नाके होने चाहिए। विधायक ने कहा कि पुलिस फोर्स बढ़ाई जानी चाहिए। मै अब इस मुद्दे को उठाऊंगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com