टिम सेइफर्ट की तूफानी पारी ने ट्रेंट रॉकेट्स को किया पस्त, MSG ने पहली बार जीता खिताब

टिम सेइफर्ट की तूफानी पारी के दम पर मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (एमएसजी) ने द हंड्रेड मेंस का खिताब अपने नाम कर लिया है। ये पहली बार है जब सुपर जायंट्स ने ये ट्रॉफी उठाई है। उसने लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में ट्रेंट रॉकेट्स को पांच विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉकेट्स ने आठ विकेट खोकर 158 रन बनाए। इस टारगेट को एमएसजी की टीम ने दो गेंद पहले पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।

टिम सेइफर्ट ने 38 गेंदों पर चार चौके और सात छक्कों की मदद से 72 रनों की पारी खेली। उन्होंने अकेले के दम पर टीम को खिताब दिलाया। इसी के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सेइफर्ट ने इस पूरे टूर्नामेंट में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से खिताबी जीत में अहम रोल निभाया। उन्होंने कुल 394 रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।

एमएसजी को मिली तूफानी शुरुआत

159 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी एमएसजी की टीम को सेइफर्ट ने पॉल वॉल्टर के साथ मिलकर तूफानी शुरुआत दी। 66 के कुल स्कोर पर टीम ने अपना पहला विकेट वॉल्टर के रूप में खोया। उन्होंने 14 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 22 रन बनाए। कप्तान जोस बटलर ने 14 गेंदों पर 23 रनों की पारी खेली। वह 100 के कुल स्कोर पर टीम के दूसरे विकेट के रूप में पवेलियन लौटे। सेइफर्ट की पारी का अंत 136 के कुल स्कोर पर हुआ।

हेनरिक क्लासेन का बल्ला उम्मीदों के उलट शांत रहा और वह सिर्फ 11 रन बनाकर मोहम्मद आमिर की गेंद पर डोनाल्ड को कैच दे बैठे। आमिर ने माइकल ब्रेसवेल को खाता तक नहीं खोलने दिया। दूसरे छोर पर लेयुल डू प्लोय थे। उन्होंने टीम को जीत की दहलीज पार कराई। वह 18 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 27 रन बनाकर नाबाद रहे। उनके साथ लियाम डॉसन भी छह रन बनाकर नाबाद लौटे।

गेंदबाजों ने दिखाया कमाल

सेइफर्ट से पहले एमएसजी के गेंदबाजों ने कमाल किया। उन्होंने रॉकेट्स के बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर नहीं करने दिया। रॉकेट्स का कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं जमा सका। उसके लिए सबसे ज्यादा 38 रन एनेयूरिन डोनाल्ड ने बनाए। इस बल्लेबाज ने अपनी पारी में 19 गेंदों का सामना किया और पांच चौकों के अलावा दो छक्के मारे। लुइस ग्रेगरी ने 16 गेंदों पर 32, बेन डकेट ने 24 गेंदों पर 31 रनों की पारी खेली।

एमएसजी के लिए नूर अहमद ने तीन विकेट लिए। सोनी बाकेर ने दो सफलताएं हासिल कीं। जोश टंग और लियाम डॉसन को एक-एक विकेट मिला।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com