धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता शंकर रवानी और उनकी पत्नी की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा कि अज्ञात हमलवारों ने उन्हें गोली मार कर और फिर गला रेत कर मौत के घाट उतार दिया। दोनों की लाश उनके घर के आंगन में खून से लथपथ बरामद हुई। धनबाद के वरिष्ठ SP असीम विक्रांत मिंज ने इस संबंध में जानकारी दी है।

धनबाद के SSP ने जानकारी देते हुए बताया है कि सुदामडीह थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले भौंरा गांव में शंकर रवानी और उनकी पत्नी बालिका देवी का शनिवार देर रात क़त्ल कर दिया गया। दोनों का शव रविवार सुबह लहूलुहान अवस्था में उनके घर से बरामद हुआ है। मौके से पुलिस ने खोखा भी बरामद कर लिया है। 50 साल के शंकर रवानी झामुमो धनबाद महानगर कमेटी के उपाध्यक्ष भी थे।
बताया जा रहा कि घर में कोई चहल-पहल नहीं होने पर आस पड़ोस के लोगों को संदेह हुआ। जिसके बाद हत्या के मामले का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही सिंदरी के DSP एके सिन्हा, भौरा ओपी प्रभारी कालिका राम, सुदामडीह थाना प्रभारी और कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। डीएसपी ने बताया कि मौके से पुलिस ने चाकू और नाइन एमएम का एक खोखा जब्त किया है, फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal