Lalu Prasad Yadav चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव से मिलने उनकी बेटी धन्नो रांची के रिम्स पहुंची हैं। बेटी के साथ राजद सुप्रीमो से मुलाकात के लिए उनके समधी अजय यादव भी यहां आए हैं। इनके अलावा बिहार के कई पूर्व विधायक भी अपने नेता से मिलने पेइंग वार्ड पहुंचे हैं। शनिवार को लालू से मिलने पहुंची बेटी धन्नो और समधी अजय यादव करीब एक घंटे से उनके वार्ड में हैं।
बता दें कि शनिवार को बिरसा मुंडा जेल के कैदी लालू प्रसाद यादव से मुलाकात का दिन होता है। जेल प्रशासन की अनुमति से लालू से तीन लोगों को मिलने की छूट दी जाती है। अभी लालू पुलिस अभिरक्षा में रिम्स में अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे हैं। वहीं अब तक तीसरे मुलाकाती के रूप में किसी का नाम तय नहीं है। हालांकि कई पूर्व विधायक पेइंग वार्ड में लालू से मुलाकात के लिए जुगत आजमा रहे हैं। बीते दिन चारा घोटाले के डोरंडा कोषागार मामले में लालू की रांची की सीबीआइ कोर्ट में पेशी हुई थी।
लालू प्रसाद यादव का मेडिकल बुलेटिन जारी करते हुए उनका इलाज कर रहे डॉ डीके झा ने कहा कि उनका स्वास्थ्य फिलहाल सामान्य है। उनकी किडनी 50 फीसद काम कर रही है और शुगर लेवल ऊपर नीचे होते रहता है। करीब एक साल से लालू प्रसाद को मांस मछली खाने की सख्त मनाही है। डॉक्टर के अनुसार लालू प्रसाद को हरी सब्जी और सादा खाना खाने की सलाह दी गई है। साथ ही अभी ठंड के मौसम में गुनगुनी धूप में लालू यादव को बैठने की सलाह दी गई है। फिलहाल लालू प्रसाद यादव की सेहत की स्थिति सामान्य है।
यह खबर लगातार अपडेट हो रही है। ताजा जानकारी के लिए बने रहें हमारे साथ…
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal