कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने उचाना विधानसभा क्षेत्र के गुरुकुल खेड़ा गांव में दीपेंद्र हुड्डा ब्रिगेड के प्रदेशाध्यक्ष विकास खटकड़ के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस दौरान पत्रकार वार्ता में उन्होंने कांग्रेस की ‘जय हिंद यात्रा’ की घोषणा की और भाजपा की तिरंगा यात्रा व एक मंत्री के विवादित बयान पर तीखा हमला बोला।
15 महानगरों में जय हिंद यात्रा
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के 15 प्रमुख महानगरों में ‘जय हिंद यात्रा’ आयोजित करेगी। भाजपा की तिरंगा यात्रा पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि अगर सभी दल एकजुट होकर तिरंगा यात्रा निकालते, तो दुनिया में भारत की एकता का संदेश जाता। उन्होंने हाल के पुलवामा आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में पूरा देश और विपक्ष सरकार व सेना के साथ खड़ा है। सत्तारूढ़ पार्टी को सभी दलों के साथ मिलकर तिरंगा यात्रा निकालनी चाहिए थी। मैंने सुझाव दिया था कि दिल्ली में सभी सांसद एकजुट होकर राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट तक तिरंगा यात्रा निकालें, ताकि विश्व में एकता का संदेश जाए।
कर्नल सोफिया पर टिप्पणी करने वाले मंत्री पर हमला
कर्नल सोफिया कुरेशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर मध्य प्रदेश के एक भाजपा मंत्री के विवादित बयान पर हुड्डा ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि हमारी सेना में सेवा देने वाले हर जवान 140 करोड़ भारतीयों के भाई-बहन हैं। उन्हें जाति या समुदाय तक सीमित करने वाले बयान अस्वीकार्य और निंदनीय हैं।
उन्होंने भाजपा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि हाईकोर्ट के आदेश पर मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज हुई, लेकिन वह अभी तक पद पर बना हुआ है। यह भाजपा की कैसी देशभक्ति है? अगर भाजपा में देशभक्ति है, तो उस मंत्री को तुरंत बर्खास्त कर कार्रवाई हो, ताकि देश में मिसाल कायम हो।
विपक्ष के नेता पर निर्णय
विपक्ष के नेता के चयन पर हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक फैसले सही समय पर नेतृत्व द्वारा लिए जाएंगे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal