जानिये- यमुना नदी पर बनने वाले दिल्ली मेट्रो के 5वें पुल की खूबियां

फेज चार में यमुना पर दिल्ली मेट्रो के पांचवे पुल का निर्माण शुरू हो गया है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (Delhi Metro Rail Corporation) मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर पर इसका निर्माण करा रहा है, जो ओल्ड वजीराबाद पुल व सिग्नेचर ब्रिज के बीच बनेगा। इसके पहले यमुना पर दिल्ली में चार पुल बने हैं। डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक (जनसंपर्क) अनुज दयाल ने कहा कि पहली बार है जब यमुना पर केंटीलीवर तकनीक से पुल का निर्माण हो रहा है। इसका फायदा यह होगा कि पुल के लिए यमुना में कम पिलर का निर्माण करना पड़ेगा। पुल के निर्माण में 60 से 80 मीटर लंबे खंड (स्पैन) का इस्तेमाल होगा। केंटीलीवर सुदृढ़ संरचनात्मक आधार होता है। पुल के खंड इस केंटीलीवर के सहारे एक तरफ से मजबूती से जुड़े रहेंगे। इसके पहले यमुना पर बने किसी पुल में इस तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया गया है। दरअसल, यमुना में अधिक पिलर के निर्माण से नदी की जलधारा प्रभावित होती है। ऐसे में अब पुल के निर्माण में इस तकनीक का इस्तेमाल होगा। इससे पुल के पूरे हिस्से पर सिर्फ नौ पीलर बनाए जाएंगे। यह पुल मजिलस पार्क-मौजपूर कॉरिडोर के सूरघाट व सोनिया विहार मेट्रो स्टेशन को जोड़ेगा।

डीएमआरसी का कहना है कि बिल्डिंग इंफॉर्मेशन मॉडलिंग (बीईएम) तकनीक का उपयोग करके इसकी डिजाइन तैयार की है। फेज चार की परियोजनाओं की डिजाइन तैयार करने के लिए डीएमआरसी के अभियंता इस तनकीक का सहारा ले रहे हैं क्योंकि कोरोना के संक्रमण के कारण इन दिनों बैठक करके डिजाइन पर चर्चा करना अधिकारियों के लिए अधिक संभव नहीं होता। ऐसे में यह तकनीक 3डी मॉडल तैयार कर डिजाइन तैयार करने में मददगार बन रही है। इस पुल के निर्माण के लिए सभी संबंधित एजेंसियों से स्वीकृति मिल चुकी है

यह होगी खूबी

  • यह वजीराबाद पुल से 385 मीटर व सिग्नेजर ब्रिज से 213 मीटर की दूरी पर होगा। इस तरह यह सिग्नेचर ब्रिज से ज्यादा नजदीक होगा।
  • खास बात यह है कि यह पुल केंटीलीवर तकनीक से बनेगा जो आकर्षक भी दिखेगा।
  • इस कॉरिडोर पर परिचालन शुरू होने पर इस पुल से मेट्रो के गुजरते वक्त सिग्नेचर ब्रिज की खूबसूरती नजर आएगी।
  • पहली बार यमुना नदी पर केंटीलीवर तकनीक से पुल का निर्माण हो रहा है, जिससे यमुना में कम पिलर का निर्माण करना पड़ेगा।
  • पुल बनाने में 60 से 80 मीटर लंबे खंड (स्पैन) का इस्तेमाल होगा।यमुना पर अब तक बने चार पुल
    1. ब्लू लाइन- 698.8 मीटर
    2. यमुना बैंक पिंक लाइन- 602.8 मीटर
    3. निजामुद्दीन मजेंटा लाइन- 574 मीटर,
    4. कालिंदी कुंज रेड लाइन- 553 मीटर

     

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com