मध्यप्रदेश की औद्योगिक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से स्थापित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को जयपुर में उद्योगपतियों के साथ महत्वपूर्ण संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम जयपुर के आईटीसी राजपूताना में आयोजित ‘इंटरएक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट ऑपर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ के तहत होगा।
इस संवाद सत्र में मुख्यमंत्री यादव देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की निवेश समर्थक नीतियों, प्रशासनिक तत्परता और पारदर्शी व्यवस्था को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
औद्योगिक नीति और इंफ्रास्ट्रक्चर पर होगा फोकस
जयपुर में आयोजित इस सेशन में मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीति, सेक्टर-वार प्रोत्साहन, विकसित औद्योगिक क्षेत्रों की उपलब्धता, मजबूत अधोसंरचना, लॉजिस्टिक नेटवर्क, कौशल विकास प्रणाली और त्वरित स्वीकृति तंत्र का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों की विस्तृत जानकारी उद्योग जगत के सामने रखेंगे। वहीं, कार्यक्रम में शामिल उद्योगपति भी अपने सुझाव और अनुभव साझा करेंगे।
वन-टू-वन मीटिंग में परियोजनाओं पर चर्चा
मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने संबोधन में स्पष्ट करेंगे कि मध्यप्रदेश निवेश के लिए स्थिर नीति वातावरण, पारदर्शी प्रक्रियाएं और समयबद्ध निर्णय व्यवस्था प्रदान कर रहा है। वे निवेश को रोजगार सृजन, कौशल उन्नयन और औद्योगिक विस्तार से जोड़ने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री चयनित उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठक भी करेंगे, जिसमें प्रस्तावित परियोजनाओं और निवेश योजनाओं पर गहन चर्चा होगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal