हड्डियां जमा देने वाली ठंड के बीच शीतकालीन राजधानी जम्मू में ठंड ने पिछले 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। जम्मू में रविवार की बीती रात न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दशक बाद ऐसी ठंड पड़ी है। इससे पहले 31 दिसंबर 2007 को जम्मू में न्यूनतम तापमान 2.3 और 27 दिसंबर 2014 को 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जम्मू में आल टाइम न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस 28 दिसंबर 1998 को दर्ज किया गया था।

जम्मू में दिनभर कोहरे के साथ बादल छाए रहे। कोहरे और खराब विजिबिलिटी के कारण जम्मू एयरपोर्ट से सभी आने-जाने वाले करीब 32 फ्लाइट रद्द रहे।
एयरपोर्ट के निदेशक पीएस बारू के अनुसार 200 से भी कम विजिबिलिटी से बाहर से आने वाले और जम्मू से जाने वाले सभी फ्लाइट संचालित नहीं हो पाए। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में भी न्यूनतम तापमान माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सीजन की अब तक की सर्द रात बीती है।
कश्मीर के साथ जम्मू भी शीत लहर की चपेट में है। पिछले एक हफ्ते से अधिक समय से सुबह की शुरुआत घने कोहरे और बादलों के साथ हो रही है। कड़ाके की ठंड के बीच जनजीवन प्रभावित है।
लोग अधिकतर समय घरों में रहकर व्यतीत कर रहे हैं। सुबह और रात के समय घने कोहरे के कारण वाहन सड़कों पर रेंगते हुए चल रहे हैं। जम्मू में बीती रात का जो न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया वह पिछली रात के मुकाबले 3.3 डिग्री गिर गया था। दिन के तापमान में भी गिरावट जारी है। यहां सोमवार को दिन का तापमान सामान्य से 8.5 डिग्री गिरकर 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal