जम्मू, कश्मीर में बर्फीली हवाओं से जनजीवन बेहद प्रभावित: आज होगी भारी बारिश और बर्फबारी

प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने आज यानी कि मंगलवार को जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।

मौसम का ऐसा मिजाज बुधवार को भी रह सकता है। कश्मीर के अधिकतर जिलों में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे चला गया है। बर्फीली हवाओं से जनजीवन प्रभावित है।

मौसम खराब होने की सूरत में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मार पड़ सकती है। हाईवे पर अभी भी यातायात दो तरफा बहाल नहीं हो पाया है।

बर्फबारी से हर बार बिजली ढांचा प्रभावित होता रहा है। जोजीला पास पर हुई बर्फबारी के बाद श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पहले से ही बंद चल रहा है। जिला राजोरी और पुंछ को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाला मुगल रोड पर भी यातायात बहाल नहीं हो पाया है।

कश्मीर में सोमवार को धूप खिली रही। लेकिन रात के तापमान में गिरावट जारी है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कश्मीर के सभी हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान 4-7 डिग्री के बीच चल रहा है। शीत लहर जारी है। पर्वतीय क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

पिछले कई दिन से लेह में दिन का तापमान शून्य (0.0) डिग्री सेल्सियस चल रहा है। जम्मू में सोमवार की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ हल्के बादल छा गए।

जम्मू में दिन का तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस चढ़कर 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.6 डिग्री के साथ भद्रवाह सबसे ठंडा रहा।

बनिहाल में न्यूनतम तापमान माइनस 0.8, बटोत में माइनस 0.5 और कटड़ा में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दिन का तापमान भी सामान्य से 2.3 डिग्री गिरकर 14.9 डिग्री सेल्सियस चल रहा है।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com