बिहार में जमुई जिले की पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे आठ अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि टाउन थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बनाए जाने की सूचना मिली थी।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सतीश सुमन के नेतृत्व में टाउन थाना, जिला आसूचना इकाई और विशेष कार्य बल (STF) की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने मंगलवार की रात भछियार स्थित गरसंडा पुल के समीप छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आठ अपराधियों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अपराधियों में मोनू कुमार, दिवाकर कुमार, मंत्री कुमार, उज्ज्वल कुमार, अभिषेक कुमार, अमरजीत कुमार, रामसागर कुमार और सूरज कुमार सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी जमुई जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। गिरफ्तार लोगों के पास से एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक बोतल विदेशी शराब भी बरामद की गई है। गिरफ्तार अमरजीत कुमार पूर्व में मलयपुर थाना क्षेत्र में हुई करीब 50 लाख रुपए की डकैती कांड का फरार अभियुक्त भी है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal