उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार बच्चों के इलाज में कोई बाधा नहीं आने देगी। योगी ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि घबराइए मत, बच्चे के इलाज में कोई भी बाधा नहीं आने देंगे।
घबराइए मत, बच्चे के इलाज में कोई भी बाधा नहीं आने देंगे: CM योगी
जनता दर्शन में श्रावस्ती से आई एक महिला ने गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चे के इलाज में मदद का अनुरोध किया। साथ में आए बच्चे को देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए। उन्होंने महिला से आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा। महिला ने कहा कि उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि घबराइए मत, बच्चे के इलाज में कोई भी बाधा नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनवाएंगे और विवेकाधीन कोष से भी बच्चे के इलाज में आर्थिक सहायता देंगे। महिला का प्रार्थना पत्र लेकर उन्होंने मौके पर मौजूद अफसरों को इस निर्देश के साथ थमाया कि इसे श्रावस्ती के जिलाधिकारी को भेजकर आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए और साथ ही डीएम के जरिए इलाज का इस्टीमेट भी शासन को उपलब्ध कराया जाए।
CM ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना। इत्मिनान से बात सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए। पास में खड़े अधिकारियों को समस्या समाधान हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अलग- अलग मामलों से जुड़े समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्धए निष्पक्ष और संतोषप्रद होना चाहिए।
जनता की समस्याओं पर तुरंत संवेदनशीलता दिखाएं: CM योगी
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं पर तुरंत संवेदनशीलता दिखाएं। उन्होंने उनसे मिलने आए लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि घबराइए मत। सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएगी। अपराध व जमीन कब्जा किए जाने से संबंधी शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस अधिकारियों को अपराधियों व भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों को लेकर आई थीं। मुख्यमंत्री ने इन बच्चों को खूब दुलारा और चॉकलेट के साथ आशीर्वाद दिया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal