आज गुरु गोबिंद सिंह की जयंती है। सिख संप्रदाय के लोग इसे धूम-धाम से मनाते हैं। गुरुद्वारों में इस दिन कीर्तन होता है और खालसा पंथ की झांकियां निकाली जाती हैं। इस मौके पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह की जिंदगी और शिक्षा लगातार सभी को प्रेरित कर रहा है।

राष्ट्रपति ने ट्वीट कर लिखा, ‘गुरु गोबिंद सिंह जी को उनकी जयंती पर मेरी श्रद्धांजलि। उनका जीवन लोगों की सेवा और सत्य, न्याय एवं करुणा के जीवन-मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। गुरु गोविन्द सिंह जी का जीवन और शिक्षाएं हमें आज भी प्रेरित करती हैं।’
उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने देशवासियों को गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंति पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, ‘आज गुरु गोबिंद सिंह जी की जन्म जयंती के पावन अवसर पर पूज्य गुरु की स्मृति को सादर नमन करता हूं तथा देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन संदेश तथा उनके कृतित्व हमारे राष्ट्रीय, सामाजिक और निजी जीवन में आज भी अनुकरणीय हैं। उनकी शिक्षा हमारे राष्ट्रीय जीवन का मार्ग दर्शन करे और हमें प्रेरणा दे कि हम मानवता के काम आ सकें।’
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी गुरु गोबिंद सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन संदेश को प्रेरणादायी बताया। जावड़ेकर ने ट्वीट किया, ‘सिख धर्म के 10वें और अंतिम गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर उन्हें मेरा नमन और श्रद्धांजलि।’
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal