राहुल गांधी ने गुजरात में दलित और आदिवासी समुदायों पर बढ़ते अत्याचार का आरोप लगाया। ऊना कांड के पीड़ितों को अब तक न्याय न मिलने पर जताई चिंता।
ऊना कांड का फिर उठाया मुद्दा
राहुल गांधी ने 2016 के ऊना कोड़े मारने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना पूरे देश को झकझोर देने वाली थी। उस समय चार दलित युवकों को सार्वजनिक रूप से पीटा गया था। उन्होंने कहा कि करीब एक दशक बीत जाने के बावजूद पीड़ितों को अब तक न्याय नहीं मिल सका है, जो अपने आप में एक बड़ी विफलता है।
प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद बयान
राहुल गांधी ने हाल ही में गुजरात से आए दलित और आदिवासी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कई पीड़ितों की आपबीती सुनी। उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में लोगों को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उनके शरीर में कई फ्रैक्चर हो गए, वहीं एक अन्य मामले में व्यक्ति को जिंदा जला दिया गया।
‘डर और अन्याय का माहौल’
कांग्रेस नेता ने कहा कि ये घटनाएं सिर्फ अलग-अलग अपराध नहीं हैं, बल्कि एक ऐसे माहौल की तस्वीर पेश करती हैं जहां डर और अन्याय हावी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाते हैं, उन्हें धमकियों, हिंसा और यहां तक कि हत्या के जरिए दबाने की कोशिश की जाती है।
न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष
राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा शासित गुजरात में दलितों और आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार बढ़े हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि यह मॉडल अब पूरे देश में लागू किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। राहुल गांधी ने कहा मैं पहले भी इन परिवारों के साथ खड़ा था, आज भी हूं और तब तक उनकी आवाज उठाता रहूंगा जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी कहा कि ऊना के पीड़ित पिछले 10 वर्षों से न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal