गुजरात के सूरत में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां किसी फिल्मी सीन की तरह घटना घटी जब शादी की तैयारियों के बीच दूल्हे का बाप दुल्हन की मां को भगाकर ले गया।

इस घटना के बाद दोनों पक्षों के रिश्तेदार सकते में आ गए और शादी को रोकना पड़ा। बताया जा रहा है कि दोनों जवानी में एक-दूसरे को पसंद करते थे। शादी के दौरान एक बार फिर उनका पुराना प्यार परवान चढ़ गया और दोनों ने एक साथ भागने का बड़ा कदम उठा लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फरवरी के दूसरे हफ्ते में शादी होनी थी,लेकिन पिछले 10 दिनों से लड़के का 48 साल का पिता और लड़की की 46 साल की मां गायब बताए जा रहे हैं। इस वजह से शादी की सारी तैयारियां ठप पड़ गईं हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़के का परिवार कटारगाम इलाके में रहता है, वहीं दुल्हन का घर नवसारी इलाके में है। दस दिनों से ही लड़के का बाप और लड़की की मां गायब हैं। पुलिस के मुताबिक यह माना जा रहा है कि दोनों एक साथ भाग गए हैं। दोनों के एक साथ गायब होने की वजह से दोनों परिवारों को शर्मिंदगीं भी उठानी पड़ रही है।
दूल्हा और दुल्हन की एक साल पहले सगाई हुई थी। इसके बाद से ही दोनों घरों में शादी की तैयारियां चल रहीं थी। दोनों एक ही समाज के हैं और शादी के पहले दोनों की सहमति ली गई थी। लेकिन शादी के एक महीने पहले ही दूल्हे के पिता और दुल्हन की मां के भाग जाने से सभी को बड़ा झटका लगा है।
बताया जा रहा है कि दूल्हे के पिता टेक्सटाइल बिजनेसमैन हैं और वह प्रॉपर्टी में भी डील करते हैं। वह एक राजनीतिक दल के भी सक्रिय सदस्य हैं। मूल रुप से उनका परिवार अमरेली जिले का रहने वाला है। दूल्हे के पिता की युवावस्था से ही लड़की की मां से पहचान थी। वे दोनों कटारगाम इलाके में पड़ोसी थे। यहीं से उनकी दोस्ती शुरू हुई थी।
बताया जा रहा है यहीं से उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई थी। हालांकि,विपरीत परिस्थितियों के चलते दोनों की शादी नहीं हो सकी थी। दुल्हन की मां का परिवार भावनगर का है और उसकी शादी डायमंड के कारीगर से हुई थी जो बाद में ब्रोकर बन गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal