ठंड का मौसम आते ही हमारे शरीर को कुछ ऐसा चाहिए होता है जो हमें अंदर से गर्म रखे। इसके साथ ही, सर्दियों में त्वचा और सेहत का ख्याल रखना भी एक बड़ा टास्क बन जाता है।
ऐसे में ‘अखरोट का हलवा’ एक परफेक्ट देसी मिठाई है। यह न सिर्फ स्वाद में लाजवाब है, बल्कि आपको सेहतमंद और खूबसूरत बनाए रखने में भी कमाल का असर दिखाता है।
सर्दियों की ‘सुपर मिठाई’ क्यों है अखरोट का हलवा?
अखरोट को हम सभी ‘ब्रेन फूड’ के नाम से जानते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि यह आपके दिमाग के साथ-साथ त्वचा, बालों और इम्युनिटी के लिए भी बेहद फायदेमंद है? अखरोट में भरपूर मात्रा में ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सिडेंट्स, प्रोटीन और मिनरल्स पाए जाते हैं।
देसी घी और दूध के साथ मिलकर बना यह हलवा सर्दियों की खुश्की को दूर करता है और चेहरे पर एक नेचुरल ग्लो लाता है। इतना ही नहीं, यह शरीर को तुरंत एनर्जी देने के साथ-साथ ठंड से लड़ने की ताकत देता है और जोड़ों के दर्द व थकान से भी राहत दिलाता है।
हलवा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस स्वादिष्ट और पौष्टिक हलवे को बनाने के लिए आपको इन चीजों की जरूरत होगी:
अखरोट: 1.5 डेढ़ कप (रात भर पानी में भिगोए और छिलके उतारे हुए)
फुल क्रीम दूध: 3 कप
देसी घी: 5 से 7 बड़े चम्मच (टेबलस्पून)
गुड़ या चीनी: 1 कप (अपने स्वाद के अनुसार)
इलायची पाउडर: आधा छोटा चम्मच (टीस्पून)
केसर: 8 से 10 धागे (ऑप्शनल)
सजावट के लिए: कटे हुए ड्राई फ्रूट्स (बादाम और काजू)
कैसे बनाएं सेहत से भरपूर अखरोट का हलवा?
सबसे पहले रातभर भीगे हुए अखरोट के छिलके उतार लें। अब इन्हें मिक्सी में हल्का दरदरा पीस लें। ध्यान रहे, इसका एकदम बारीक और स्मूद पेस्ट नहीं बनाना है, इसमें थोड़ा टेक्सचर रहने दें।
अब गैस पर एक भारी तले वाली कढ़ाही रखें और उसमें देसी घी गरम करें। घी गरम होने पर पिसे हुए अखरोट डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। जब इसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए और एक अच्छी सी खुशबू आने लगे, तो समझें अखरोट भुन गए हैं।
अब इस मिश्रण में धीरे-धीरे दूध डालें और लगातार चलाते रहें ताकि इसमें कोई गांठ न पड़े। इसे मीडियम आंच पर पकने दें। जब दूध थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तब इसमें अपनी पसंद के अनुसार गुड़ या चीनी मिला लें। सर्दियों के मौसम में गुड़ का इस्तेमाल इस हलवे को और भी ज्यादा फायदेमंद और हेल्दी बना देता है।
आखिर में इसमें इलायची पाउडर और केसर डालकर अच्छे से मिला लें। इसे तब तक पकाएं जब तक कि हलवा कढ़ाही के किनारे न छोड़ने लगे। गैस बंद करें और ऊपर से कटे हुए काजू-बादाम डालकर सजाएं।
अखरोट का हलवा खाने के 5 जबरदस्त फायदे
यह शरीर को ठंड के मौसम में अंदर से गर्म रखता है।
यह त्वचा की नमी बरकरार रखता है और चेहरे पर कुदरती चमक लाता है।
बीमारियों से लड़ने के लिए हमारी इम्युनिटी को मजबूत बनाता है।
यह हमारे दिमाग के साथ-साथ दिल की सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है।
सर्दियों में होने वाली कमजोरी और थकान को दूर भगाकर इंस्टेंट एनर्जी देता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal