गंगापार के सरायइनायत थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह महिला को जान से मार दिया गया। देवरिया गांव में पड़ोसी ने मामूली विवाद में वारदात को अंजाम दिया। उसने चाकू से कई वार महिला पर किए। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी और कुछ ही क्षणों में उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद भाग रहे आरोपित को ग्रामीणाें ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में मौके पर पुलिस अधिकारियों ने भी पहुंचकर जांच-पड़ताल और लोगों से पूछताछ की। 
घर के सामने मवेशियों को चारा दे रही थी महिला
देवरिया गांव में अभयराज अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार की सुबह उनकी पत्नी की फूला देवी 53 से पड़ोसी का किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया। इसके बाद माहौल शांत था। इसके बाद फूला देवी घर के सामने जानवरों को चारा दे रही थी। इसी दौरान जिससे विवाद हुआ था, वह पड़ोसी पीछे से फूला देवी के पास आया। जब तक वह कुछ समझ पाती, उसने चाकू से उसके गर्दन पर वार कर दिया। इससे फूला देवी जमीन पर गिर गई। इसके बाद पड़ोसी ने एक के बाद कई वार उस पर किए। इससे वह लहूलुहान हो गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
भाग रहे आरोपित को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा
फूला देवी की चीख-पुकार सुनकर वहां परिवार के सदस्यों के साथ ही ग्रामीण जुटने लगे। लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपित चाकू लेकर भागने लगा। माजरा समझने के बाद खून लगा चाकू लेकर भाग रहे आरोपित को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसकी पिटाई करने के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस को सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों में इस वारदात से आक्रोश व्याप्त है। कुछ ग्रामीणों की मानें तो आरोपित मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उसे थाने ले जाकर पूछताछ कर रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal