दिल्ली में मंगलवार को कोरोना के 5100 मामले सामने आए और रात्रि कर्फ्यू भी लगा दिया गया। इन सबके बाद लोगों के दिल में एक बार फिर लॉकडाउन की दहशत घर करती जा रही है। यही वजह है कि लोग दिल्ली को छोड़कर वापस अपने गृह राज्यों को लौट रहे हैं।
लोग नहीं चाहते कि अगर देश या दिल्ली में एक बार फिर लॉकडाउन लगे तो उन्हें फिर से उन यातनाओं से गुजरना पड़े जिससे वह पिछले साल गुजरे थे। यही कारण है कि आज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखी गई।
दिल्ली में मंगलवार को रिकॉर्ड एक लाख से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच की गई। इसमें संक्रमण के 5100 मामले आए। वहीं, 17 लोगों की मौत हुई। 2300 लोग स्वस्थ भी हुए। कोरोना की शुरूआत के बाद ऐसा पहली बार है जब एक ही दिन में एक लाख से ज्यादा लोगों की जांच की गई है। वहीं, नवंबर के बाद पहली बार संक्रमितों का आंकड़ा पांच हजार से ज्यादा हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कुल कोरोना के मरीजों की संख्या 6,85,062 पहुंच गई है। इसमें से 6,56,617 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। रही है। सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 17332 हो गई है। इसमें से 3266 अस्पतालों में भर्ती है। होम आईसोलेशन में 8871 रोगियों का और कोविड केंद्रों में 95 मरीजों का इलाज चल रहा है।
विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 1,03,453 लोगों की जांच की गई। आरटीपीसीआर तरीके से 69,667 और रैपिड एंटीजन से प्रणाली से 33,786 टेस्ट हुए। अब तक 1 करोड़ 50 लाख 75 हजार सैंपल की जांच हो चुकी है। कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 3291 हो गई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
