कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे CM सैनी

सीएम नायब सिंह सैनी ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस के कथित झूठ को बेनकाब करने के लिए कार्यकर्ताओं को गुरु मंत्र दिया। विधानसभा चुनाव के लिए तैयार रहने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।

तीन महीने बाद होने वाले हरियाणा के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कहीं दिखाई नहीं देगी। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने झूठ बोलकर जनता का वोट हासिल किया था। अब जनता विपक्ष के झूठ को पहचान चुकी है। हरियाणा में भी लोगों ने भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है।

ये विचार मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार को कुरुक्षेत्र के सैनी समाज भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में व्यक्त किए। इस सम्मेलन के लिए 2477 कार्यकर्ताओं का चयन किया गया था। इससे पहले मुख्यमंत्री ने रेलवे रोड पर एक होटल में चयनित कार्यकर्ताओं के साथ गुप्त मंत्रणा की।

इस दाैरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव की तैयारी में मजबूती से जुटने और काम के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के झूठ को बेनकाब करने के लिए सरकार की योजनाओं व जनकल्याण की नीति को लोगों तक पहुंचाने का गुरु मंत्र दिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना भी साधा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विपक्षी दलों के साथ मिलकर जनता को गुमराह किया कि अगर देश में भाजपा की सरकार बनी तो देश से संविधान और आरक्षण को खत्म कर देगी, जबकि संविधान और आरक्षण को खत्म करने वाले उन्हीं की पार्टी के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू थे।

कुछ समीकरण के कारण पहले के मुकाबले उनकी चुनाव में कुछ सीटें जरूर कम हुई है, मगर उनका वोट प्रतिशत बढ़ा है। इस मौके पर राज्यमंत्री सुभाष सुधा, पूर्व मंत्री संदीप सिंह, कृष्ण बेदी, पूर्व विधायक पवन सैनी, जिलाध्यक्ष रवि बतान सहित अन्य मौजूद रहे।

भ्रष्टाचार में लिप्त रही दिल्ली की सरकार
दिल्ली में पानी की किल्लत पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिल्ली की आप सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा दिल्ली को सवा गुणा ज्यादा पानी दे रहे हैं, मगर दिल्ली की आप सरकार 10 साल में पानी की किल्लत के समाधान के लिए कोई व्यवस्था नहीं कर सकी है। आप सरकार ने जनता से किए वादों पर कोई ध्यान नहीं दिया बल्कि उनकी नजर भ्रष्टाचार करने पर टिकी है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com