कानपुर प्रदेश में चौथा सबसे गर्म शहर, पारा 43.9 डिग्री

कानपुर में मंगलवार को लू के थपेड़े तेज रहे। दोपहर को लगा कि जैसे आग बरस रही है। बाहर सड़क पर चलने पर आंच लगती रही। बांदा, प्रयागराज और झांसी के बाद कानपुर प्रदेश का चौथा सबसे गर्म शहर रहा। पारा 43.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को पारा और बढ़ सकता है। 13-14 जून को हल्की बारिश की संभावना बताई गई है।

शहर में मंगलवार को पारा सुबह आठ बजे ही तापमान 35 डिग्री के ऊपर चला गया। फिर जैसे-जैसे दिन चढ़ा तपिश बढ़ती चली गई और लू के थपेड़े तेज हो गए। मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक बांदा में 45 डिग्री, प्रयागराज में 44.6 डिग्री, झांसी में 44.4 डिग्री और शहर में 43.9 डिग्री अधिकतम तापमान रहा है।

सीएसए के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि 24 घंटे में अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री बढ़ गया है। नौ जून के सामान्य औसत से अधिकतम तापमान 2.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री अधिक रहा।

उनका कहना है कि मौसम में अभी बदलाव नहीं होगा। इस समय उत्तर पश्चिमी हवाएं आ रही हैं। राजस्थान के थार मरुस्थल से होकर आने पर हवा गर्म हो जाती है। अभी अधिक नमी नहीं आ रही है लेकिन आने वाले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहेंगे। चार-पांच दिन के बाद मौसम में बदलाव आ सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com