कांग्रेस पार्टी के लिए आज का दिन अहम, दिल्ली से राहुल गांधी फूंकेंगे लोस चुनाव का बिगुल

General Election 2019 लोकसभा चुनाव 2019 के लिए 11 मार्च यानी सोमवार का दिन कांग्रेस पार्टी के लिए अहम है, क्योंकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी स्वयं दिल्ली में चुनाव का बिगुल फूंकेंगे और इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके जरिये पार्टी अपने चुनाव अभियान को भी गति देगी। गौरतलब है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन से इनकार के बाद प्रदेश कांग्रेस अपने सांगठनिक ढांचे को मजबूत बनाने में जुट गई है।

पार्टी की तैयारियों को मजबूती देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी स्वयं मैदान में उतरेंगे और सोमवार इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में दिल्ली के करीब 14 हजार ब्लॉक एवं बूथ स्तरीय कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस अवसर पर दिल्ली कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।

केजरीवाल से सावधान रहें दिल्लीवासी: शीला
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित ने कहा कि प्रचार समिति संसदीय चुनाव के लिए एक महत्वपूर्ण समिति है। चुनाव जीतने के लिए प्रचार समिति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में जुट जाएं। उन्होंने दिल्लीवासियों से कहा कि वे केजरीवाल और उनके भ्रम फैलाने वाले विज्ञापनों से सावधान रहें।

शीला ने कहा कि केजरीवाल की दिल्ली सरकार पांच-पांच पेज के विज्ञापन छपवाकर लोगों को गुमराह कर रही है। दिल्लीवासी इन विज्ञापनों से सतर्करहें। केजरीवाल दिल्लीवालों के टैक्स के पैसे को अखबारों में बड़े-बड़े विज्ञापन छपवाकर बर्बाद कर रहे हैं।

प्रचार समिति की बैठक को समिति के चेयरमैन सुमेश शौकीन ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 15 वर्षो के कार्यकाल में हमारी कई उपलब्धियां हैं। प्रत्येक जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में पैंफ्लेट छपवाकर इन उपलब्धियों को हम दिल्ली वालों को बताएंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com