गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 से पहले कांग्रेस हर संभव प्रयास कर रही है कि भाजपा सत्ता से बेदखल कर सके। इसके लिए हर विधानसभा सीट पर पार्टी गुणा-भाग का पूरा ख्याल रख रही है। इसी कड़ी में पार्टी ने गुजरात की हलोल सीट पर अपना उम्मीदवार बदल दिया है। कांग्रेस ने इस सीट से अब अनीशभाई बड़िया को टिकट दिया है। उन्हें राजेंद्र पटेल की जगह इस सीट से उतारा गया है।

आपको बता दें कि गुजरात विधानसभा की पंचमहल जिले में हलोल विधानसभा सीट आता है। यहां लंबे समय से भाजपा का कब्जा है। जयद्रथ सिंह परमार लगातार यहां से 2002 से ही जीत दर्ज करते आ रहे हैं। 2017 में उन्होंने 55 फीसदी वोट हासिल किया था।
इस सीट पर 2 लाख 56 हजार वोटर्स हैं। इस विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा आदिवासी वोटर्स हैं। आदिवासी वोटर इस सीट पर 37 फीसदी के आस पास हैं। वहीं एससी 2.13 और मुस्लिम 1.7 फीसदी हैं।
कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची जारी
गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत कुल 40 नेताओं के नाम शामिल हैं। बता दें कि इससे पहले, गुजरात की सत्तारूढ़ बीजेपी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को सौंप दी है। कांग्रेस की ओर से जारी की गई स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी सांसद राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पार्टी के युवा चेहरे सचिन पायलट, जिग्नेश मेवाणी और कन्हैया कुमार का नाम भी शामिल है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal