उत्तर भारत में मौसम का यू-टर्न: कई राज्यों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट

उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम के एक बार फिर करवट लेने के आसार हैं। तेज गर्मी के बीच अचानक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कई जगहों पर आंधी, बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। IMD ने विभिन्न राज्यों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिए हैं।

बिहार के मौसम ने एक बार फिर यू-टर्न ले लिया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, वातावरण में अस्थिरता बढ़ रही है। अगले 24 घंटे में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इसलिए पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

तेज हवा और बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद समेत तमाम जिलों में सोमवार को मौसम बदला रहेगा। सुबह आसमान साफ रहने के बाद दिन चढ़ते ही बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव खत्म होने के बाद तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।

राजस्थान में अगले 48 घंटों के लिए अलर्ट

राजस्थान में एक बार फिर मौसम करवट ले रहा है। एक सक्रिय और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी 24 से 48 घंटों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। 30 मार्च को भी राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां चरम पर रह सकती हैं।

पर्वतीय इलाकों में ओलावृष्टि की आशंका

उत्तराखंड में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण मौसम का मिजाज बदल गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में सोमवार को आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून समेत मैदानी इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में येलो अलर्ट जारी

दिल्ली में सोमवार को गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलने के साथ साथ हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया। दिनभर बादल छाए रहेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com