उत्तराखंड: मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में घने कोहरे पर येलाे अलर्ट किया जारी..

उत्तराखंड में मैदानी इलाकों में रात के समय घना कोहरा छाने से रोडवेज की बसें कई घंटे लेट हो रही हैं। उधर मौसम विभाग ने प्रदेश के मैदानी इलाकों में गुरुवार को घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। रात के समय दून से दिल्ली नॉन स्टॉप वॉल्वो सेवा पहले साढ़े चार घंटे में पहुंच जाती थी, अब कोहरे के कारण करीब सात घंटे में पहुंच रही है। दिल्ली से दून आने वाली और चंडीगढ़ रूट पर चलने वाली बसों का भी यही हाल है।

चंडीगढ़ रूट की बसें ढाई से तीन घंटे तक लेट हो रही हैं। आईएसबीटी पर तैनात रोडवेज कर्मचारी नेता केपी सिंह ने बताया कि कोहरे का असर रात की बसों पर ज्यादा है। रोडवेज महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन ने समस्त बस चालकों को निर्देश दिए हैं कि कोहरे के चलते सभी चालक बसें चलाने के दौरान पूरी सतर्कता बरतें। 

ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित : बुधवार को प्रयागराज से देहरादून के बीच चलने वाली लिंक एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे देरी से दून पहुंची। रेलवे स्टेशन के अधीक्षक शशांक शर्मा ने बताया कि कोहरे से ट्रेनों का संचालन प्रभावित होता है।

क्रिसमस पर चोटियों पर बर्फबारी और बारिश के आसार
उत्तराखंड 25 दिसंबर से मौसम बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने क्रिसमस पर राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

खासकर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। 24 दिसंबर तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी इलाकों में कोहरा मुसीबत खड़ी करेगा। मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी इलाकों में घने कोहरे को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में खासा प्रभावित रहेगा। हवाई सेवाओं, रेल और सड़क यातायात पर कोहरा का असर पड़ सकता है। 

दिल्ली और चंडीगढ़ रूट पर कोहरे का असर ज्यादा है। ठंड बढ़ने की वजह से यात्रियों की संख्या करीब पंद्रह प्रतिशत तक घट गई है। सभी डिपो को निर्देश दिए गए हैं कि जिन बसों में यात्री मिल पा रहे हैं, उन्हीं बसों का संचालन करें।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com