उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने करवट ली है। बदरीनाथ धाम में कल बृहस्तपतिवार को हुई बारिश के बाद आज शुक्रवार सुबह मौसम साफ हुआ और चटख धूप खिली। धूप के बीच धाम की ऊंची पर्वत चोटियां बर्फ से ढकी नजर आईं। नीलकंठ, उर्वशी और माना पर्वत समेत आसपास की चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है।
बर्फबारी के बाद बदरीनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। धाम में तापमान करीब दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से सुबह और शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। हालांकि दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। बर्फ से ढकी चोटियों पर पड़ रही धूप का नजारा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है। बदरीनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालु प्राकृतिक सुंदरता को देखकर रोमांचित नजर आए।
उत्तरकाशी के बड़कोट में भी मौसम खुशनुमा बना हुआ है। यहां मौसम अनुकूल रहने के साथ चटख धूप खिली है। जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। मां यमुना के जयकारों के बीच श्रद्धालु पैदल मार्ग पर आते-जाते नजर आ रहे हैं। यात्रा से जुड़े लोगों के चेहरे भी खिले हुए हैं। श्रद्धालु खुशनुमा मौसम के बीच पहाड़ की प्राकृतिक सुंदरता का नजदीक से आनंद ले रहे हैं।
बृहस्पतिवार को मौसम खराब होने पर हेमकुंड साहिब और बदरीनाथ धाम के ऊंचाई वाले स्थानों पर जमकर बर्फबारी हुई। हेमकुंड साहिब में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आने से कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। बृहस्पतिवार को सुबह से मौसम बदला रहा। कुछ देर बाद हेमकुंड साहिब परिसर और बदरीनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई। इससे हेमकुंड साहिब क्षेत्र में ठंड बहुत बढ़ गई है। वहीं बदरीनाथ धाम में भी सुबह शाम ठंड तेज हो गई है। होने के संकेत मिलने लगे हैं।
रुद्रप्रयाग जनपद के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में व निचले क्षेत्रों में हो रही बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। केदारनाथ, मद्महेश्वर व तुंगनाथ में ठंड बढ़ गई है। रुद्रप्रयाग जिले में सुबह से हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट आ गई है। जहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं केदारनाथ में अधिकतम तापमान 3 डिग्री से 5 डिग्री तक रहा और न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री से 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। केदारनाथ में बारिश हो रही है और बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है।
यमुनोत्री में सप्त ऋषि कुंड, बंदरपूंछ और गरुड़ गंगा टॉप की चोटियों पर हल्की बर्फबारी के बाद धाम में पहुंचे श्रद्धालुओं को ठंड का खासा अहसास होने लगा है। यमुनोत्री धाम मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि सुबह से धाम में बारिश हो रही है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। बारिश और ठंडी हवाओं के बीच श्रद्धालुओं को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। जिले के निचले इलाकों में भी सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है। उधर, गंगोत्री क्षेत्र में दिनभर बादल छाए रहे, हालांकि वहां बारिश की सूचना नहीं है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal